अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की गाजा के लिए बनाई गई बोर्ड ऑफ पीस फिलहाल अटकी नजर आ रही है। वजह पैसे की कमी है। रॉयटर्स के मुताबिक, गाजा के पुनर्निर्माण के लिए करीब 17 अरब डॉलर का वादा किया गया था। इसमें अब तक 1 अरब डॉलर से भी कम रकम मिली है। रॉयटर्स के मुताबिक, 10 देशों ने मदद का वादा किया था। इनमें से अब तक सिर्फ UAE, मोरक्को और अमेरिका ने रकम दी है। हाल में ईरान के साथ तनाव और जंग जैसी स्थिति ने प्रक्रिया धीमी कर दी है। दो साल की लड़ाई में गाजा की ज्यादातर इमारतें तबाह हो चुकी हैं। पुनर्निर्माण पर करीब 70 अरब डॉलर खर्च आने का अनुमान है। ऐसे में फंड की कमी और राजनीतिक टकराव इस शांति योजना को जमीन पर उतरने से रोक रहे हैं। हालांकि ट्रम्प की संस्था ने आरोप खारिज किए हैं। उनका दावा है कि फंड की कमी नहीं है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… कमला हैरिस 2028 का चुनाव लड़ सकती हैं, कहा- मैं इस बारे में सोच रही
अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर संकेत दिया है कि वह दोबारा चुनाव लड़ सकती हैं।
न्यूयॉर्क में नेशनल एक्शन नेटवर्क की बैठक के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह फिर चुनाव लड़ेंगी, तो उन्होंने कहा, “हो सकता है, मैं इस बारे में सोच रही हूं।” उनके इस जवाब पर वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
हैरिस ने यह भी कहा कि वह 2028 में अपना फैसला इस आधार पर लेंगी कि अमेरिकी जनता के लिए कौन सबसे बेहतर काम कर सकता है।
कमला हैरिस, जो जो बाइडेन के कार्यकाल में उपराष्ट्रपति रही थीं, 2024 का राष्ट्रपति चुनाव हार गई थीं। उस चुनाव में उन्हें डोनाल्ड ट्रम्प ने हराया था।
हैरिस इससे पहले कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल और अमेरिकी सीनेटर भी रह चुकी हैं।
