Homeविदेशवर्ल्ड अपडेट्स:ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के मसाज थेरेपिस्ट ने 9 महीने में...

वर्ल्ड अपडेट्स:ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के मसाज थेरेपिस्ट ने 9 महीने में 61 महिलाओं का यौन शोषण किया, 13 साल की जेल

ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के मसाज थेरेपिस्ट सुमित सतीश रस्तोगी को 61 महिलाओं के यौन शोषण मामले में 13 साल 10 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अदालत ने माना कि उसने महिलाओं का भरोसा तोड़ा और मसाज के दौरान उनके साथ गलत हरकतें कीं। अधिकारियों के मुताबिक, 39 साल का सुमित 2011 में दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया आया था। उसने अक्टूबर 2021 से जुलाई 2022 के बीच एक मसाज पार्लर में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। उसने कोर्ट में 97 आरोप स्वीकार किए, जिनमें महिलाओं के गुप्त वीडियो बनाना और यौन शोषण शामिल है। कोर्ट ने कहा कि शुरुआत में उसकी हरकतें सीमित थीं, लेकिन धीरे-धीरे उसका व्यवहार गंभीर और बेकाबू होता गया। जज ने कहा कि महिलाएं इलाज और आराम के लिए उसके पास आई थीं, लेकिन उसने उनके भरोसे और सुरक्षा का गलत फायदा उठाया। सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि सुमित के पास मसाज थेरेपी की कोई आधिकारिक योग्यता नहीं थी। कोर्ट ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उसे ऑस्ट्रेलिया से डिपोर्ट भी किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… श्रीलंकन एयरलाइंस का दावा- चेन्नई ऑफिस में 2.2 करोड़ का घोटाला; भारतीय कर्मचारियों पर सिग्नेचर बदलने का आरोप श्रीलंकन एयरलाइंस ने आरोप लगाया है कि उसके चेन्नई ऑफिस में काम करने वाले कुछ भारतीय कर्मचारियों ने करीब 2.2 करोड़ रुपए की हेराफेरी की है। कंपनी के मुताबिक, फाइनेंस विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने फर्जी इनवॉइस, पेमेंट डिटेल और सिग्नेचर बदलकर यह धोखाधड़ी की। एयरलाइंस ने कहा कि मामले की जानकारी भारतीय जांच एजेंसियों को दे दी गई है। आरोप है कि कर्मचारियों ने वित्तीय दस्तावेजों में बदलाव कर गलत तरीके से भुगतान जारी किए। एयरलाइंस ने बताया कि रकम वापस लाने और पूरे मामले की जांच के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि यह कथित गड़बड़ी कितने समय से चल रही थी। मामले को लेकर भारतीय एजेंसियां जांच में जुटी हैं। बांग्लादेश बोला- भारत से रिश्ते गंगा जल बंटवारे के समझौते पर निर्भर, भविष्य इस पर टिका बांग्लादेश की सत्तारूढ़ पार्टी BNP ने कहा है कि भारत के साथ रिश्तों का भविष्य गंगा जल बंटवारा समझौते पर निर्भर करेगा। पार्टी के महासचिव और ग्रामीण विकास मंत्री मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने नई संधि पर जल्द बातचीत की मांग की है। भारत और बांग्लादेश के बीच 1996 में हुआ गंगा जल बंटवारा समझौता इसी साल दिसंबर में खत्म होने वाला है। ढाका में आयोजित एक कार्यक्रम में आलमगीर ने कहा कि बांग्लादेश भारत को साफ संदेश देना चाहता है कि नई संधि बांग्लादेशी जनता की जरूरतों और हितों के मुताबिक होनी चाहिए। आलमगीर ने कहा कि जब तक नया समझौता नहीं हो जाता, तब तक मौजूदा संधि जारी रहनी चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य के जल समझौते किसी तय समय सीमा तक सीमित नहीं होने चाहिए। बांग्लादेश के लिए गंगा नदी, जिसे वहां पद्मा कहा जाता है, कृषि, जैव विविधता और जल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती है। यह बयान ऐसे समय आया है जब बांग्लादेश ने पद्मा नदी पर नया बैराज बनाने की मेगा परियोजना को मंजूरी दी है। ढाका का कहना है कि यह परियोजना फरक्का बैराज के असर को कम करने के लिए है। उधर भारत ने कहा है कि दोनों देशों के बीच जल संबंधी सभी मुद्दों पर स्थापित द्विपक्षीय तंत्र के जरिए नियमित बातचीत जारी है। मालदीव में इटली के 5 गोताखोरों के शव तलाशने गए सैन्य गोताखोर की भी मौत मालदीव में इटली के 5 गोताखोरों की मौत के बाद चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान एक सैन्य गोताखोर की भी मौत हो गई। मालदीव सरकार के मुताबिक, सेना के स्टाफ सार्जेंट मोहम्मद महूदी डीकंप्रेशन सिकनेस का शिकार हो गए थे। सरकार के मुताबिक, मोहम्मद महूदी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डीकंप्रेशन सिकनेस तब होती है, जब कोई गोताखोर गहरे पानी के दबाव से अचानक ऊपर आता है और उसके शरीर में नाइट्रोजन गैस का असर बढ़ जाता है। हादसा वावू एटोल इलाके में हुआ, जहां 5 इतालवी नागरिक करीब 50 मीटर गहराई में अंडरवॉटर गुफाओं की खोज करने गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मालदीव में सामान्य स्कूबा डाइविंग की सीमा 30 मीटर मानी जाती है। अब तक सिर्फ एक इतालवी गोताखोर का शव बरामद किया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि बाकी चार लोग पानी के अंदर गुफा में फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें… मादुरो के करीबी एलेक्स साब अमेरिका डिपोर्ट: वेनेजुएला-अमेरिका सहयोग बढ़ने के संकेत वेनेजुएला के अधिकारी और कारोबारी एलेक्स साब को अमेरिका डिपोर्ट कर दिया गया है। साब पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। वेनेजुएला की माइग्रेशन एजेंसी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। 54 वर्षीय साब को फरवरी में कराकस से गिरफ्तार किया गया था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई अमेरिकी और वेनेजुएलाई एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन में हुई थी। उनकी गिरफ्तारी मादुरो की गिरफ्तारी के करीब एक महीने बाद हुई, जिससे दोनों देशों के बीच बढ़ते सुरक्षा सहयोग के संकेत मिले हैं। कोलंबिया में जन्मे साब को 2020 में केप वर्डे में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें रिश्वतखोरी के आरोपों में अमेरिका भेजा गया। हालांकि, 2023 में वेनेजुएला में बंद अमेरिकी नागरिकों की रिहाई के बदले उन्हें माफी देकर छोड़ा गया था। सूत्रों के मुताबिक साब अमेरिका को ऐसी जानकारी दे सकते हैं, जिससे निकोलस मादुरो के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को मजबूती मिल सकती है। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क में नार्को-टेररिज्म साजिश समेत कई आरोप हैं। दोनों ने इन आरोपों से इनकार किया है। इटली के मोडेना में भीड़ पर कार चढ़ाई: 8 घायल; भागते वक्त आरोपी ने चाकू से भी हमला किया इटली के उत्तरी शहर मोडेना में एक कार भीड़ पर चढ़ गई, जिसमें कम से कम 8 लोग घायल हो गए। इनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की और इस दौरान एक व्यक्ति पर चाकू से हमला भी किया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी 30 वर्षीय युवक है, जिसका संबंध उत्तरी अफ्रीकी मूल से बताया जा रहा है। वह पहले बर्गामो में रहता था और बाद में मोडेना प्रांत में आकर बस गया था। मोडेना के मेयर ने कहा कि शुरुआती जांच में मामला जानबूझकर किया गया हमला लग रहा है। उनके मुताबिक आरोपी ने कार फुटपाथ पर चढ़ा दी और कई लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद कार एक दुकान की खिड़की से टकरा गई। आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान उसने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह हल्का घायल हुआ। घायल व्यक्ति ने बताया कि आरोपी शराब या ड्रग्स के असर में लग रहा था, हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए घायलों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। वहीं लीग पार्टी के नेता माटेओ साल्विनी ने आरोपी की पृष्ठभूमि को लेकर भी टिप्पणी की।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here