मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैहर पहुंचे। उन्होंने त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर समिति की अध्यक्ष व कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और एसडीएम दिव्या पटेल ने मुख्यमंत्री को मां शारदा की तस्वीर भेंट की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं पर फूल बरसाए। प्रभारी मंत्री राधा सिंह और लाड़ली बहनों ने उन्हें राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने एनआरएलएम समूह की महिलाओं से एक टोपी भी खरीदी और नए जिला अस्पताल परिसर का जायजा लिया। खातों में भेजे 1750 रुपए स्टेडियम के मंच से मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के जरिए प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा लाड़ली बहनों के खातों में 2,148.30 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। इसमें हर महीने मिलने वाली किस्त के 1,500 रुपए और रक्षाबंधन के तोहफे के 250 रुपए मिलाकर कुल 1,750 रुपए प्रति बहना के हिसाब से राशि खातों में भेजी गई। कांग्रेस पर साधा निशाना सीएम ने कहा कि जब लाडली बहनों की राशि भेजने के लिए कदम बढ़ाते है, तब कांग्रेस के लोग कहते हैं कि आप लाडली बहनों के खाते में पैसे मत डालो ये बहनें शराब पी जाती हैं। इनको शर्म आनी चाहिए। लाडली बहना याद रखना बहनों गठान बांधकर जिस दिन चुनाव आएगा। उस दिन सारे कांग्रेसियों को बताना और इसका हिसाब चुकता करना कि लाडली बहनों का अपमान कोई बर्दाश्त करने वाला नहीं हैं। हमारी लाडली बहनों का अपमान कोई करे ऐसा कैसे कोई कर सकता है। वहीं मैहर जिले के रामनगर की 12 वर्षीय होनहार बेटी अनन्या अवधिया और हॉकी खिलाड़ी उन्नति पांडेय के हाथों से सिंगल क्लिक के जरिए लाडली बहना की राशि ट्रांसफर कराई गई है। 256 करोड़ रुपए के विकास कार्य मुख्यमंत्री ने जिले को लगभग 256 करोड़ रुपए के 25 विकास कार्यों का भूमिपूजन और उद्घाटन किया। इनमें 151 करोड़ रुपए के 12 कामों का भूमिपूजन और 105 करोड़ रुपए के 13 कामों का लोकार्पण शामिल है। ‘मां शारदा लोक’ का किया भूमिपूजन मुख्यमंत्री ने 8.95 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ‘मां शारदा लोक फेज-1’ का वर्चुअल भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि इसके बनने से मैहर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए मौके बनेंगे।
