भिंड के लहार पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की। रविवार को वह राज्य स्तरीय ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना कार्यक्रम में पहुंचे। मंच से उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के कल्याण और युवाओं को रोजगार का भरोसा दिलाया, वहीं इसी माह मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का बड़ा राजनीतिक ऐलान भी किया। सीएम कहा कि मध्यप्रदेश में इसी जुलाई महीने यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा। एमपी देश कर वह राज्य बनेगा जिसके नागरिकों के लिए एक समान कानून होगा। उन्होंने कहा कि जब देश एक है तो कानून भी एक ही हो। जब एक व्यक्ति एक शादी कर रहा है तो दूसरा दो तीन शादियां क्यों करे। जिले में 4 सांदीपनि स्कूल खोले जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि भिंडी ऋषि की तपोभूमि और दंदरौआ धाम की पावन धरती से किश्त जारी करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत एक हजार रुपए से हुई थी, जिसे बढ़ाकर अब 1500 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। पिछले ढाई वर्षों में लाड़ली बहनों के खातों में 51 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे भेजी जा चुकी है, जिससे महिलाएं परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां मजबूती से निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, महिला और युवाओं के हित में लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम है और सरकार युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि शिवपुरी में 2500 करोड़ रुपए की लागत से मिसाइल फैक्ट्री स्थापित की जा रही है और प्रदेश में सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं भी चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू होंगी। कांग्रेस और जीतू पटवारी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता पर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। कांग्रेस नेताओं को बहनों के खातों में पैसा पहुंचने से “पेट में दर्द” हो रहा है और वे इस योजना का विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लाड़ली बहना योजना की राशि को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, हमारी संस्कृति में महिलाओं को देवी का स्वरूप माना गया है, लेकिन कांग्रेस के नेता हमारी बहनों का अपमान करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। 322 करोड़ के विकास परियोजनाओं की सौगात
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता लागू होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं और यह कानून सभी नागरिकों, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भिंड जिले को 322 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 238.96 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 40 कार्यों का लोकार्पण और 83.33 करोड़ रुपए की 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन शामिल रहा। उन्होंने लहार में नए पीजी कॉलेज की स्थापना की घोषणा भी की। मंत्री बोले- लहार के लिए ऐतिहासिक दिन
प्रभारी मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने इसे लहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिले में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। विधायक अम्बरीश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार क्षेत्र को विकास की नई सौगातें दे रहे हैं। उन्होंने छह बड़ी गौशालाओं के भूमिपूजन और रोजगार के नए अवसरों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन से हुई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए तथा विभागीय प्रदर्शनी, पोषण, हॉर्टिकल्चर और महिला स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, ओपीएस भदौरिया, आईजी सचिन अतुलकर, डीआईजी सुनील जैन, कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना, एसपी सूरज वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। इसके पहले सीएम लहार विधायक अम्बरीश शर्मा के पैतृक गांव सीकरी जागीर पहुंचकर उनकी माता स्वर्गीय अरुणा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री राकेश शुक्ला, लहार विधायक अम्बरीश शर्मा, भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद हैं। रोड शो में नहीं पहुंचे सीएम
लहार में मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। महाराणा प्रताप चौराहे से पचपेड़ा तिराहे तक रोड शो के दौरान 100 से अधिक स्थानों पर उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ता तैयारी की गई। पूरे मार्ग पर स्वागत द्वार बनाए गए। जगह-जगह स्वागत गीत बजाए गए और रोड शो मार्ग पर रेड कार्पेट बिछाया गया है। हालांकि पहले रोड शो होने वाला था, लेकिन सीएम नहीं पहुंचे। वह सीधे कार्यक्रम स्थल पर ही पहुंच गए हैं। लहार कस्बे को सजाया गया था। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भाजपा के झंडे और बैनर लगाए गए। ग्वालियर-भिंड हाईवे पर संत कालीदास ने CM को सौंपा ज्ञापन
ग्वालियर-भिंड हाईवे के चौड़ीकरण का टेंडर 7 जुलाई को नहीं खुलने से नाराज संत समाज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई। अखिल भारतीय संत समिति के जिला अध्यक्ष संत कालीदास महाराज और इंडियन वेटरन ऑर्गनाइजेशन सैनिक संगठन, लहार के अध्यक्ष सूबेदार बसंत सिंह राजावत ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। कहा गया कि तकनीकी स्वीकृति के बावजूद एनएचएआई ने टेंडर प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई, जिससे लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है। संत कालीदास महाराज ने कहा कि ग्वालियर-भिंड हाईवे पर पिछले वर्षों में हजारों लोग सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पहले प्रशासन ने संत समाज के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलने से रोक दिया था, बाद में दो प्रतिनिधियों को मिलने की अनुमति दी गई। संत कालीदास ने चेतावनी दी कि यदि फरवरी 2027 तक हाईवे निर्माण शुरू नहीं हुआ तो भिंडवासियों के साथ सरकार के विरोध पर विचार किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह की कोठी में कथित रास्ता विवाद को लेकर पंडाल स्थल के बगल से चल रहे 707 वां दिन का आंदोलन जारी रहा। मुख्यमंत्री इन आंदोलनकारी से नहीं मिले। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने आंदोलनकारी गए तो उनको वापस लौटा दिया गया। इसको लेकर आंदोलनकारी में आक्रोश है। उनका यह भी कहना है कि जब जनता की बात सुनने का समय नहीं ऐसे मुख्यमंत्री का लहार आने से कोई फायदा नहीं है।
