पांढुर्णा जिले के मोहगांव क्षेत्र में शुक्रवार शाम खेत में रोटावेटर से जुताई करते समय एक 35 वर्षीय किसान मशीन में फंस गया। रोटावेटर में फंसने के कारण किसान का शरीर 5 टुकड़ों में बंट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरा हादसा मृतक के 12 साल के बेटे के सामने हुआ, जो हादसे के समय खेत में ही मौजूद था। नट कसने के दौरान बिगड़ा संतुलन पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहगांव निवासी गणेश कलंबे (35) के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम को गणेश अपने खेत में जुताई और जमीन समतल करने का काम करवा रहा था। ट्रैक्टर चालक मुकेश कामडे मशीन लेकर खेत पर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे रोटावेटर में नट लगाने के दौरान चालक मुकेश ने गणेश को ट्रैक्टर के पीछे भेजा था। नट कसते समय अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ गया, जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण गणेश सीधे रोटावेटर के घूमते ब्लेड की चपेट में आ गया। देखें हादसे की 3 तस्वीरें… 5 टुकड़ों में बटा शरीर रोटावेटर के तेज घूमते ब्लेड में फंसते ही गणेश का शरीर कई बार मशीन के साथ घूमता चला गया। हादसे में उसका सिर दो टुकड़ों में बंट गया और उसके पूरे शरीर के 5 टुकड़े हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने मशीन बंद की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 12 साल के बेटे ने देखा घटनाक्रम घटना के समय गणेश का करीब 12 वर्षीय बेटा प्रज्जवल भी खेत में मौजूद था। उसने अपने पिता को रोटावेटर में फंसते और मशीन के साथ घूमते हुए देखा। अचानक हुए इस हादसे से बच्चा सदमे में है। आसपास के ग्रामीणों ने उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण खेत पर पहुंच गए। मोहगांव पुलिस ने शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सौसर भेजा है। मोहगांव थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक नन्हे मरावी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के बेटे और खेत में मौजूद अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं। ट्रैक्टर संचालन के दौरान बरती गई लापरवाहियों और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
