हरफनमौला कलाकार और खंडवा की पहचान किशोर कुमार की पुण्य स्मृति में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से इस वर्ष का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान प्रसिद्ध अभिनेता रघुवीर यादव को प्रदान किया जाएगा। खंडवा के पुलिस ग्राउंड में 12 और 13 अक्टूबर को दो दिनी राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह एवं गीत-संगीत संध्या आयोजित होगी। सम्मान समारोह 13 अक्टूबर को होगा। इसके बाद प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले और साथी कलाकार गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे। संस्कृति संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि किशोर कुमार की स्मृति में हर साल उनकी जन्मस्थली खंडवा में यह आयोजन किया जाता है। इस बार भी दो दिनों तक संगीत और सम्मान का कार्यक्रम होगा। दोनों दिन कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होंगे और इसमें प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। पहले दिन युवा कलाकारों की आवाज में गूंजेगा ‘ये शाम मस्तानी’
कार्यक्रम की शुरुआत 12 अक्टूबर को ‘ये शाम मस्तानी’ गीत-संगीत संध्या से होगी। इसमें खंडवा के स्थानीय युवा गायक कलाकार किशोर कुमार और फिल्मी संगीत के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में सुनील शर्मा, संध्या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान और पूजा पुरा गीत प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जैन करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच पर प्रस्तुति का अवसर देना भी है। 13 अक्टूबर को रघुवीर यादव होंगे सम्मानित
दूसरे दिन 13 अक्टूबर को किशोर कुमार की पुण्य स्मृति के अवसर पर मुख्य राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह होगा। इस वर्ष अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रघुवीर यादव को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान-2026 से अलंकृत किया जाएगा। सम्मान समारोह के बाद मुंबई के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले एवं साथी कलाकार गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे। सुदेश भोसले की आवाज में फिल्मी गीतों की यह प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। 1997 से दिया जा रहा सम्मान, अब तक 29 विभूतियों को मिला
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत वर्ष 1997 में की गई थी। अब तक सिनेमा क्षेत्र की 29 विभूतियों को यह सम्मान दिया जा चुका है। यह सम्मान निर्देशन, अभिनय, पटकथा और गीत लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलाकारों को प्रदान किया जाता है। सम्मान के लिए कलाकार की उत्कृष्टता, दीर्घ साधना और श्रेष्ठ उपलब्धियों को प्रमुख आधार माना जाता है। सम्मान के तहत 5 लाख रुपए की करमुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है। ‘मैसी साहब’ से शुरू हुआ फिल्मी सफर, ‘पंचायत’ के प्रधान जी से नई पीढ़ी में लोकप्रिय
रघुवीर यादव भारतीय रंगमंच और सिनेमा के बहुमुखी कलाकार हैं। अभिनेता होने के साथ वे गायक और संगीतकार भी हैं। उनका जन्म 25 जून 1957 को जबलपुर, मध्यप्रदेश में हुआ। रंगमंच से अभिनय की शुरुआत करने के बाद उन्होंने नई दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से प्रशिक्षण लिया और लंबे समय तक रंगकर्म से जुड़े रहे। उन्होंने वर्ष 1985 में फिल्म ‘मैसी साहब’ से फिल्मों में उल्लेखनीय शुरुआत की। इस फिल्म में उनके अभिनय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। उन्हें इसके लिए FIPRESCI Critics Award, वेनिस फिल्म फेस्टिवल 1986 और IFFI का सिल्वर पीकॉक सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार 1987 मिला। इसके बाद रघुवीर यादव ने ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के यादगार किरदार निभाए। सहज और स्वाभाविक अभिनय के लिए उनकी अलग पहचान बनी। हाल के वर्षों में वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी खासा लोकप्रिय बनाया। ग्रामीण परिवेश के इस किरदार में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। किशोर कुमार की जन्मस्थली में हर साल आयोजन
किशोर कुमार का खंडवा से गहरा जुड़ाव रहा है। उनकी जन्मस्थली में उनकी पुण्य स्मृति में हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम के माध्यम से जहां सिनेमा क्षेत्र की उल्लेखनीय प्रतिभा को सम्मानित किया जाता है, वहीं संगीत संध्या के जरिए किशोर कुमार के गीतों और उनकी कला को भी याद किया जाता है।
…………………….. यह खबर भी पढ़ें…
सिंगर बनना चाहते थे ‘पंचायत’ के प्रधानजी रघुबीर यादव 1985 में आई क्लासिक फिल्म मैसी साहब के फ्रांसिस मैसी। 2001 में आई लगान के भूरा। 2015 में आई पीकू के डॉ. श्रीवास्तव से लेकर वेब सीरीज पंचायत के प्रधान जी तक। एक्टर रघुबीर यादव किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। अपनी एक्टिंग से कई यादगार किरदारों को लोगों के दिलों में जिंदा रखा है। आमिर खान के प्रोडक्शन की फिल्म पीपली लाइव में बुधिया बने रघुबीर यादव ने ही फेमस गाना महंगाई डायन भी गाया है। उनकी पर्सनैलिटी के कई पहलू हैं। पूरी खबर पढ़ें…
