जबलपुर सीबीआई की टीम ने गुरुवार देर रात सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक सेक्शन इंजीनियर को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नारायण सिंह बुंदेला के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद सीबीआई टीम आरोपी को अपने साथ जबलपुर ले आई, जहां शुक्रवार को उसे सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआई ने पूछताछ के लिए कोर्ट से पांच दिन की रिमांड मांगी है। जानकारी के मुताबिक सागर रेलखंड में गिट्टी सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार ने काम पूरा होने के बाद विभाग में जमा अपनी सिक्योरिटी राशि वापस मांगी थी। आरोप है कि राशि लौटाने के एवज में सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला ने एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की। जब ठेकेदार ने रिश्वत देने से इनकार किया तो अधिकारी ने सिक्योरिटी राशि लौटाने से मना कर दिया। इसके बाद ठेकेदार ने मामले की शिकायत जबलपुर स्थित सीबीआई एसपी कार्यालय में की। शिकायत की प्रारंभिक जांच और पुष्टि के बाद सीबीआई ने आरोपी अधिकारी पर निगरानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सेक्शन इंजीनियर ने रिश्वत की रकम लेने के लिए ठेकेदार को गुरुवार रात सागर के पैराडाइज होटल में बुलाया था। ठेकेदार को पैराडाइज होटल में पैसे लेकर बुलाया था सीबीआई की टीम पहले से ही सादी वर्दी में होटल के आसपास तैनात थी। जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी अधिकारी को एक लाख रुपए सौंपे, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। शुक्रवार दोपहर जब आरोपी सेक्शन इंजीनियर को जबलपुर स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया तो वह मीडिया कैमरों से बचने की कोशिश करता नजर आया। उसने सिर झुकाए रखा और कैमरा देखते ही अपने चेहरे को हाथ से ढंक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ पहले भी विभागीय शिकायतें हो चुकी थीं, लेकिन इसके बावजूद रिश्वत मांगने का सिलसिला जारी था। फिलहाल सीबीआई पूरे मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
