रीवा जिले के मनगवां में पिछले 3-4 दिनों से लोगों के घरों में गंदा और दूषित पानी पहुंच रहा है। इंदौर के भागीरथपुरा की तरह यहां भी नलों से पीला, मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है, जिसमें कीचड़ जैसे कण भी मौजूद हैं। दूषित पानी के इस्तेमाल से बच्चों में पेट दर्द और उल्टी की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्वच्छ पेयजल न मिलने के कारण स्थानीय लोग मजबूरी में निजी स्रोतों से पानी खरीद रहे हैं। कई शिकायतों के बाद वर्तमान में नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन में लीकेज की जांच कर रही है। बदबू से खाना बनाना मुश्किल, बच्चे हो रहे बीमार
मनगवां के कई वार्डों में दूषित जल प्रदाय की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जल प्रदाय विभाग को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या जस की तस है। स्थानीय निवासी रामकिशोर पटेल ने बताया हमारे घर में पिछले तीन-चार दिनों से जो पानी आ रहा है, उसे पीना तो दूर, इस्तेमाल करना भी मुश्किल है। बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हो रही है। रहवासी पूजा तिवारी ने कहा, पानी से इतनी तेज बदबू आ रही है कि खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत की लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। एक अन्य निवासी इरफान खान ने बताया यह समस्या नई नहीं है, हर साल गर्मी में ऐसी दिक्कत होती है, लेकिन इस बार स्थिति ज्यादा खराब है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो बीमारियां फैल सकती हैं। शिकायत के बाद पाइपलाइन की जांच शुरू
जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद अब विभाग ने सुधार कार्य शुरू करने की बात कही है। नगर परिषद मनगवां के एक अधिकारी ने बताया, ‘हमें शिकायतें मिली हैं, टीम को मौके पर भेजा गया है। पाइपलाइन की जांच कराई जा रही है, संभवतः कहीं लीकेज या गंदगी के प्रवेश की समस्या हो सकती है, जिसे जल्द ठीक किया जाएगा। वहीं, जल संसाधन विभाग के एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ‘गर्मी के कारण जलस्तर कम होने और पुरानी पाइपलाइन के चलते इस तरह की दिक्कतें सामने आती हैं, लेकिन सुधार का काम जारी है।’
