रायपुर में देर रात पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे जय साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पत्नी किरण ने आरोप लगाया है कि जय ने उनसे पहली शादी की बात छिपाई थी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेडिंग को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था और उससे मारपीट भी की जाती थी। घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक जय साहू (45) मोवा के आदर्श नगर में परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात परिजनों ने सूचना दी कि उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा खोलने पर उनका शव फंदे से लटका मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पत्नी से हुआ था विवाद पुलिस अधिकारियों के अनुसार जय साहू पिछले कुछ समय से पारिवारिक कारणों के चलते परेशान थे। बताया जा रहा है कि बीते दिनों उनकी पत्नी किरण से भी विवाद हुआ था। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है। फिलहाल पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। अविभाजित मध्यप्रदेश में भी रह चुके हैं मंत्री जय साहू के पिता धनीराम साहू वर्ष 1977 में कसडोल से विधायक बने थे और अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री भी रह चुके हैं। क्षेत्र में उनका खासा राजनीतिक प्रभाव रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पत्नी बोली- पहली शादी की जानकारी छिपाई हमारी शादी 2017 में हुई थी। जब शादी हुई तो मुझे पहली शादी के बारे कुछ भी नहीं बताया गया था। साथ रहने के बाद इस बारे पता चला। उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। पति और मेरे बीच ट्रेडिंग को लेकर विवाद चल रहा था। एक साल पहले 13 लाख रुपए डूब गए थे। एक महीने पहले ही उन्होंने दोबारा ट्रेडिंग शुरू किया था, जिसका मैंने विरोध किया था। इसी बात को लेकर मारपीट भी करते थे, जिसके कारण 15 अप्रैल से मायके में थी। भाई ने भी धोखे से मकान और जमीन हड़प ली है, जिसका केस भी चल रहा है। बाद में वह मामला सेटलमेंट हो गया। ससुर के मेरे पर घर से भागने का आरोप लगाया है, जो कि पूरी तरह झूठ है। मैं अपने मायके में थी और न मैंने उनका पैसा खाया। उन्होंने पूरा पैसा ट्रेडिंग में उड़ाया है। थोड़े-बहुत जो पैसे बचे थे मैंने रखा है, ताकि उसे भी ट्रेंडिग में न लगाए। …………………….. क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… कांग्रेस नेता के बेटे के सिर-सीने में मारी गोली, मौत: जांजगीर में 3 नकाबपोशों ने घर में घुसकर फायरिंग की; छोटे भाई को भी लगी बुलेट छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। मर्डर के बाद आरोपी मौके से भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है। पढ़ें पूरी खबर…
