Homeमध्यप्रदेशराजस्थान से एमपी…12 मिनट में स्मैक की डिलीवरी:तस्कर बोला- साथ दो, किसी...

राजस्थान से एमपी…12 मिनट में स्मैक की डिलीवरी:तस्कर बोला- साथ दो, किसी को टिकने नहीं देंगे; जानिए क्या है तस्करी का रूट.. पार्ट-2

भास्कर इन्वेस्टिगेशन के पार्ट-1 में हमने बताया था कि राजस्थान से आने वाली स्मैक भोपाल के यूनिवर्सिटी और कॉलेज कैंपस तक पहुंच रही है। जांच में सामने आया था कि मध्य प्रदेश-राजस्थान के सीमावर्ती जिले तस्करी के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। दूसरे भाग में भास्कर की टीम दोनों राज्यों की सीमा पर पहुंची, जहां 10 से 12 मिनट में स्मैक की खेप एक राज्य से दूसरे राज्य में पहुंचाई जाती है। रिपोर्टर ने खरीदार बनकर तस्करों से संपर्क किया। इसी दौरान एक बड़े तस्कर ने भोपाल और विदिशा में ड्रग्स सप्लाई की साझेदारी का प्रस्ताव दिया। इस नेटवर्क के संचालन और तस्करों के तौर-तरीकों का खुलासा अब पार्ट-2 में पढ़िए… अपने नाम की नई सिम लाना, बात उसी पर होगी मध्य प्रदेश में ड्रग तस्करी के प्रमुख ठिकानों में राजगढ़ जिले के पचौर और बोड़ा शामिल हैं। पड़ताल शुरू करने से पहले भास्कर रिपोर्टर ने इलाके के बड़े तस्कर रहीम से संपर्क किया। बातचीत शुरू होते ही रहीम ने रिपोर्टर की पहचान और मंशा परखने की कोशिश की। रहीम: अभी तक माल कहां से लेते थे? रिपोर्टर: पहले विदिशा से ले आते थे, लेकिन अब वहां भी मिलना बंद हो गया है। रहीम: विदिशा का मार्केट कैसा है? रिपोर्टर: ग्राहकों की कमी नहीं है। बाजार अच्छा है। रहीम: तो फिर एक काम करो, वहां की पूरी सप्लाई तुम संभाल लो। रिपोर्टर: ऐसे फोन पर क्या बात करना, आमने-सामने बैठकर डील पक्की कर लेते हैं। रहीम: ठीक है, आओ, लेकिन अपने नाम की नई सिम लेकर आना। वह सिम मैं इस्तेमाल करूंगा। उसका नंबर सिर्फ तुम्हारे और मेरे पास रहेगा। हमारी बातचीत और हर डील उसी नंबर पर होगी। एक चौथाई ग्राम के 1200 रुपए मांगे रहीम से बातचीत के बाद दैनिक भास्कर की टीम स्थानीय सोर्स के साथ पचौर पहुंची। बस स्टैंड पहुंचने पर रिपोर्टर ने रहीम को कॉल किया। रहीम ने कहा, “मैं बस स्टैंड पर नहीं मिलूंगा। तुम लोग सारंगपुर हाईवे की तरफ आ जाओ।” उसने कहा, “तुम्हारे साथ जो लोग आए हैं, उन्हें ‘सदगुरु होटल’ पर बैठा दो। आगे सिर्फ एक व्यक्ति आएगा।” रिपोर्टर और सोर्स करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर पिपल्या देव गांव के पास पहुंचे। वहां मोटरसाइकिल से पहुंचे रहीम के साथी सलीम ने दोनों को साथ देखकर आपत्ति जताई। इस पर रिपोर्टर ने कहा, “ठीक है, आगे सिर्फ मैं ही चलूंगा।” इसके बाद सलीम रिपोर्टर को मोटरसाइकिल से गांव के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया।वहां उसने एक चौथाई (1/4) ग्राम स्मैक के बदले 1200 रुपए मांगे। रिपोर्टर ने कहा, “मैं ऑनलाइन पेमेंट कर देता हूं।” तस्कर ने जवाब दिया, “यहां नहीं चलता, सिर्फ नकद चाहिए।” इसके बाद उसने रहीम से रिपोर्टर की फोन पर बात कराई। रिपोर्टर ने 2 ग्राम से अधिक स्मैक की मांग की। रहीम ने कहा, “फिलहाल जितना मिल रहा है, उतने से काम चला लो। ज्यादा माल चाहिए तो नई सिम दे जाना। शाम को उसी नंबर पर बात होगी। अगर साथ दिया तो भोपाल में सप्लाई बढ़ाएंगे। महिला ने कपड़ों में छिपाकर रखी ड्रग्स दी पचौर में पड़ताल के बाद भास्कर टीम के सोर्स ने बोड़ा गांव के तस्कर ‘लंगड़ा’ से संपर्क किया। बातचीत में उसने सोर्स को छोटी कोठरी में मिलने बुलाया। रिपोर्टर और सोर्स बोड़ा से करीब 10 किलोमीटर दूर छोटी कोठरी गांव पहुंचे। दोबारा संपर्क करने पर लंगड़ा ने उन्हें सुनसान पुल के नीचे बुलाया, जहां वह पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा। उसने कहा, “पुलिस की सख्ती के कारण मैंने बोड़ा छोड़ दिया है। फिलहाल ससुराल से ही काम कर रहा हूं।” डील के दौरान सोर्स ने 20 की जगह 10 टोकन (पुड़िया) मांगे। इस पर लंगड़ा ने नाराज होकर कहा, “जब पहले फोन पर 20 बोले थे, तो अब 10 पर क्यों आ गए?” कुछ देर बाद वह 10 टोकन देने को राजी हुआ। उसकी पत्नी ने कपड़ों में छिपाकर रखा पॉलिथीन का पाउच निकाला, जिसमें 10 पुड़िया थीं। ऑनलाइन पेमेंट में दिक्कत होने की बात कहकर सोर्स और रिपोर्टर ने खरीदी नहीं की। इसके बाद लंगड़ा ने कहा, “यहां माहौल ठीक नहीं है, चुपचाप निकलो।” इसके बाद वह पत्नी के साथ चला गया। कमीशन के तौर पर स्मैक की दो पुड़िया फ्री बोड़ा में पड़ताल के बाद दैनिक भास्कर की टीम राजस्थान सीमा से लगे राघौगढ़ पहुंची। जांच में जानकारी मिली कि पुरानी तहसील के पास एक युवक स्मैक की पुड़िया बेचता है। बातचीत में युवक ने बताया कि वह खुद भी नशे का आदी है। युवक ने दावा किया, “मोहसिन नाम का व्यक्ति राजस्थान सीमा से माल लाता है। वह मुझे आगे सप्लाई के लिए देता है। 10 पुड़िया बेचने पर कमीशन के रूप में 2 पुड़िया मिलती हैं। नशे की लत के कारण मैं यह काम करता हूं।” राघौगढ़ से करीब 25 किलोमीटर दूर राजस्थान की सीमा शुरू होती है। स्थानीय युवकों ने दावा किया कि बारां जिले की छाबरा तहसील के गांवों से स्मैक लाकर मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई की जाती है। उनका कहना था कि प्रदेश में आने वाली अधिकांश स्मैक राजस्थान से आती है। बातचीत के बाद युवक बारां जिले में सक्रिय बताए गए कुछ ड्रग सप्लायरों तक टीम को ले जाने के लिए तैयार हो गया। डीलर ने सैंपल देने से मना किया, लोकेशन पूछी छाबरा पावर प्लांट से आगे मानागांव के झरबड़ी गांव में टीम के साथ गए युवकों ने सप्लायर माबीर मीणा से संपर्क किया। युवक ने कहा, “हम माल लेने आए हैं।” सप्लायर ने मात्रा पूछी। युवक ने 2 ग्राम की मांग करते हुए पहले सैंपल मांगा, लेकिन सप्लायर ने सैंपल देने से इनकार कर उनकी लोकेशन पूछी। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से दो युवक पहुंचे। उनमें से एक का नाम रोशन था। उन्होंने माल की मात्रा पूछी। रिपोर्टर के सोर्स ने पहले 25 पॉइंट देने को कहा। इस पर उन्होंने कहा, “हम 2 ग्राम से कम की डील नहीं करते। आधा या एक ग्राम के खरीदारों के लिए हमारे पास समय नहीं है।” इसके बाद वे वहां से चले गए। छाबरा से दूसरे राज्यों तक सप्लाई का दावा राजस्थान-मध्य प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्रों में वैध और अवैध अफीम की खेती होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अंता-बारां, छाबरा और छीपाबड़ौद इसके प्रमुख केंद्र हैं। स्थानीय युवकों ने दावा किया कि इस क्षेत्र में अफीम का कुछ हिस्सा अवैध रूप से निकालकर स्मैक तैयार की जाती है। उनके अनुसार, इसकी सप्लाई भवानीमंडी के रास्ते मुंबई और दूसरे रास्ते से हरियाणा और दिल्ली तक की जाती है। कम लागत में कई गुना कमाई जांच में सामने आया कि तस्करी में ‘चलत’ या ‘कट’ नाम के केमिकल का इस्तेमाल कर स्मैक की मात्रा बढ़ाई जाती है। थोक स्तर पर यह केमिकल करीब ₹400 प्रति ग्राम में मिलता है। इसे शुद्ध स्मैक में मिलाने से मात्रा बढ़ जाती है, जिससे मुनाफा भी बढ़ता है। इसकी वजह से अलग-अलग इलाकों में दाम भी अलग-अलग हो जाते हैं। पार्ट-1 भी पढ़ें… यूनिवर्सिटी के गार्ड बेच रहे ड्रग्स, स्टूडेंट ग्राहक भास्कर की एक महीने की पड़ताल में खुलासा हुआ कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों से स्मैक एमपी के कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस तक पहुंच रही है। बड़े ड्रग डीलर छोटे पैडलर के जरिए पूरा नेटवर्क ऑपरेट कर रहे हैं। भास्कर रिपोर्टर ने यूनिवर्सिटी कैंपस से राजस्थान सीमा तक नेटवर्क के चेहरों को खुफिया कैमरे में कैद किया। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here