त्योहारों में मिठास घोलने के लिए नागपुर से भोपाल भेजा गया करीब 3 क्विंटल मावा और मिल्क केक खाद्य विभाग की नजर में आ गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नादरा बस स्टैंड पर नागपुर से आई बस की जांच की। उसमें 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक मिला। मावे में मिलावट का संदेह होने पर दोनों खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। उनके सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार त्योहारों को देखते हुए बाहर से भोपाल आने वाली बसों की जांच शुरू की गई है। उनके जरिए भेजे जा रहे खाद्य पदार्थों की भी जांच हो रही है। इसी दौरान नागपुर से आई बस में मावा और मिल्क केक की खेप मिली। मावे की बुकिंग अरिहंत डेयरी के नाम से की गई थी। 150 किलो मावा, 166 किलोग्राम मिल्क केक की जांच होगी मिल्क केक की कीमत 33 हजार रुपए बस से मिले मिल्क केक की मात्रा 166 किलो है। इसकी कीमत करीब 33 हजार रुपए बताई गई है। इसकी बुकिंग सब्जी मंडी स्थित लवली स्वीट्स के नाम पर की गई थी। विभाग ने मावा और मिल्क केक के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाहर से आने वाली खाद्य सामग्री की जांच लगातार की जा रही है। इसी कार्रवाई में नागपुर से आई खेप पकड़ी गई है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों पर नजर रखने के लिए खाद्य विभाग ने अपनी टीमों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर तैनात किया है। हलालपुरा, आईएसबीटी और नादरा बस स्टैंड के साथ भोपाल, बैरागढ़, निशातपुरा और आरकेएमपी पर भी नजर रख रहे हैं।
