हरदा के हंडिया थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बाइक सवार दो चचेरे भाई मिनी ट्रक में जा घुसे। घटना स्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना कुसिया के पास करीब साढ़े 9 बजे की है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार दोनों चचेरे भाई बिना बताए घर से निकले थे। घर पर बहन की शादी थी। इसी दौरान उनकी बाइक पीछे से आइशर वाहन में जा घुसी। घटना की सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मृतकों की पहचान सिराली थाना क्षेत्र के दीपगांव कला निवासी विजय पिता मुन्नालाल कोरकू (22) और सुधीर पिता सोमा कोरकू (25) के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई थे। बड़ा भाई बोला- घर में शादी थी, दोनों भाई बिना बताए कहीं गए थे
सुधीर के बड़े भाई पूनम ने बताया कि सुधीर के पांच साल का बेटा और तीन साल की बेटी है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके परिवार में चाचा की बेटी की शादी थी। इसी दौरान दोनों भाई परिजनों को बिना बताए शाम के समय घर से निकल गए थे। पूनम ने कहा कि गांव से दोनों इतनी दूर कैसे आए, यह समझ नहीं आ रहा है। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा है। शुक्रवार सुबह परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम किया जाएगा और उसके बाद शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
