छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हेड कॉन्स्टेबलने 3 आरोपियों को छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी। पैसे मांगने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल ने कहा कि ‘तीन-तीन आदमी को 5 हजार रुपए में थोड़ी न छोड़ूंगा। तीनों के लिए 10 हजार रुपए करवा दो।’ वीडियो 2 महीने पुराना है, अब वायरल हुआ तो एसएसपी रजनेश सिंह ने हेड कॉन्स्टेबल शोभित कैवर्त्य को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मारपीट के मामले में 3 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं करने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। सरकंडा थाने में पदस्थ था हेड कॉन्स्टेबल जानकारी के मुताबिक, रिश्वत मांगने वाले हेड कॉन्स्टेबल शोभित कैवर्त्य सरकंडा थाने में पदस्थ था। उसे मारपीट केस की जांच सौंपी गई थी। आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबलने आरोपियों को पकड़कर थाने में बैठाया और फिर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग की। बता दें कि मारपीट जैसे जमानती मामलों में नियम के तहत गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया जाता है। इसके बावजूद इस मामले में आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजने का दबाव बनाया गया और उनसे पैसे मांगे गए। हालांकि कहा ये भी जा रहा है कि उसने 10 हजार रुपए ले भी लिए थे। एसएसपी ने सस्पेंड कर उसे पुलिस लाइन भेज दिया है। पुलिस जवानों के रिश्वत लेने के चर्चित मामले 3 महीने पहले छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पोड़ी चौकी में पदस्थ SI अब्दुल मुनाफ ने मर्डर केस में फंसाने की धमकी देकर एक किसान से 50 हजार रिश्वत मांगी थी। जब किसान SI को 25 हजार कैश देने पहुंचा तो एसीबी ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान छटपटाते हुए SI का वीडियो भी सामने आया था। पढ़ें पूरी खबर… 1 महीने पहले राजनांदगांव जिले से भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था, जिसमें डोंगरगढ़ थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल लक्ष्मी शंकर कंवर पैसे लेते नजर आया, सामने बैठा एएसआई रोहित खूंटे मोबाइल पर एक महिला की तस्वीर देख रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया था। पढ़ें पूरी खबर… करीब 7 महीने पहले बिलासपुर जिले में कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े 1 लाख रिश्वत लेते पकड़ाया था। कॉन्स्टेबल ने आबकारी एक्ट के केस में फंसाने की धमकी देकर 1 लाख 5 हजार रुपए लिए थे। इस मामले में पीड़ित ने शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। पढ़ें पूरी खबर… CSP को 7 दिनों में देनी होगी रिपोर्ट हेड कॉन्स्टेबलशोभित कैवर्त्य केस में बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी सिविल लाइन CSP निमितेश सिंह को सौंपी गई है। आदेश में उन्हें सात दिनों के भीतर शुरुआती जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। SSP की सख्त चेतावनी एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सख्त चेतावनी दी है कि कहीं भी अवैध वसूली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनैतिक गतिविधियों और अनुशासनहीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… राधे-राधे बोलकर 50 हजार रिश्वत लेकर निकला प्रहरी, VIDEO: मनेंद्रगढ़ में मर्डर के आरोपी के परिजनों से मांगे पैसे, बोला- VIP ट्रीटमेंट मिलेगा, सस्पेंड छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ उप जेल के प्रहरी ने 50 हजार की रिश्वत ली है। जेल में बंद मर्डर के आरोपियों को VIP ट्रीटमेंट देने के मकसद से प्रहरी संतोष तिवारी ने उनके परिवार वालों से 1 लाख 30 मांगे थे। पैसे लेने वह घर पहुंचा था, जहां परिजनों को उसने राधे-राधे कहा, फिर पैसे लेकर निकल गया। परिवार के ही किसी सदस्य ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…
