Homeमध्यप्रदेशमां के शव से लिपट-लिपटकर रोई 8 साल की बेटी:अफेयर के आरोप...

मां के शव से लिपट-लिपटकर रोई 8 साल की बेटी:अफेयर के आरोप पर पंचायत बैठी, पेड़ पर मिला शव; पिता बोले- दामाद ने मर्डर कर लटकाया

मध्यप्रदेश के राजगढ़ के भोजपुर थाना क्षेत्र के रिछड़िया गांव में रविवार सुबह 28 वर्षीय विवाहिता दरियाव बाई का शव जामुन के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा। अस्पताल में मां का शव देखकर 8 साल की बेटी फूट-फूटकर रोने लगी। वह बार-बार मां के पास जाने की कोशिश करती रही। पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर भी बच्ची बिलखती रही। परिजन उसे संभालते रहे। पिता ने लगाया हत्या का आरोप दरियाव बाई के पिता प्रभुलाल तंवर (60) ने दामाद हेमराज पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हेमराज बेटी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर कई बार उसके साथ मारपीट कर चुका था। मारपीट के बाद दरियाव कई बार मायके में भी रही थी। प्रभुलाल के मुताबिक, कुछ दिन पहले हेमराज ने दरियाव पर गांव के एक युवक से प्रेम संबंध होने का आरोप लगाया था। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और गांव में पंचायत बैठी। अफेयर के आरोप के बाद पंचायत बैठी प्रभुलाल का दावा है कि पंचायत में मामला खत्म करने के लिए 5 लाख 90 हजार रुपए में फैसला होने की बात तय हुई थी। पंचायत में शामिल लोगों को 400-400 रुपए दिए जाने की बात भी उन्होंने कही। उनके अनुसार बुधवार को 5 लाख 90 हजार रुपए देने की बात तय हुई थी। पिता का आरोप है कि रकम देने की तारीख से पहले ही ससुराल वालों ने दरियाव के साथ मारपीट की। उनका दावा है कि मारपीट कर उसकी हत्या की गई।आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया। पुलिस ने मायके पक्ष के इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पति बोला- युवक ने साथ रखने से मना किया था हेमराज ने हत्या के आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि करीब चार-पांच दिन पहले उसने दरियाव के पास मोबाइल देखा था। मोबाइल चेक करने पर उसमें गांव के एक युवक का नंबर मिला। हेमराज के मुताबिक दरियाव उस युवक से चोरी-छिपे बातचीत करती थी। उसने बताया कि उसने पत्नी से कहा था कि अगर उसका उस युवक के साथ रहने का मन है तो वह उसके पास चली जाए। इसके बाद दरियाव कथित तौर पर युवक के घर चली गई थी। हेमराज का दावा है कि युवक ने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह शौच के लिए निकली थी, पेड़ पर लटकी मिली हेमराज के मुताबिक रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे दरियाव शौच जाने के लिए घर से निकली थी। उसने किसी को नहीं बताया कि वह कहां जा रही है। सुबह परिवार के लोग उठे तो वह घर पर नहीं थी। परिजनों ने तलाश की तो गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर दरियाव साड़ी के फंदे से लटकी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बचपन में हुई थी शादी, तीन बच्चे हैं प्रभुलाल के अनुसार दरियाव की शादी बचपन में ही रिछड़िया निवासी हेमराज से कर दी गई थी। उस समय वह करीब 5 साल की थी। 18 साल की उम्र में उसे ससुराल भेजा गया। शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए। इनमें 8 और 6 साल की दो बेटियां और एक बेटा (4) शामिल है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल मायके पक्ष हत्या का आरोप लगा रहा है, जबकि पति इसे आत्महत्या बता रहा है। भोजपुर थाना प्रभारी अजय यादव ने बताया कि एक महिला की मौत की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण आत्महत्या सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here