इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार सुबह महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक लक्ष्मी नारायण कंडवाल के ठिकानों पर छापा मारा है। शुरुआती जांच में उनके पास आय से 241% अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। लोकायुक्त पुलिस एसपी राजेश सहाय को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर जांच कराई गई थी। सत्यापन में प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के तथ्य सामने आने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर बुधवार को छापामार कार्रवाई शुरू की गई। तीन टीमों की संयुक्त कार्रवाई लोकायुक्त ने तीन अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपी अधिकारी के मकान, जिम और डिपार्टमेंटल स्टोर सहित अन्य ठिकानों पर एक साथ सर्च अभियान शुरू किया है। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों, संपत्तियों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। 2.5 करोड़ की आय, 9.5 करोड़ की संपत्ति लोकायुक्त जांच के अनुसार लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और संपत्तियों के आधार पर अनुपातहीन संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
