भिंड बस स्टैंड पर पोरसा (मुरैना) निवासी 52 वर्षीय शीला तोमर के साथ नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने मायके (अतरसुमा) जाने के लिए ऑटो का किराया शेयर करने का झांसा दिया और रुमाल से नशीला पदार्थ सुंघाकर महिला को बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी उन्हें ऑटो में ले गए और सोने के जेवर व 1500 रुपए नकद लूटकर दबोहा मोड़ पर उतारकर फरार हो गए। पीड़िता के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना 13 अप्रैल की बताई जा रही है। पुलिस ने 25 अप्रैल यानी आज मुकदमा दर्ज किया है। बस स्टैंड पर कर रही थीं मायके जाने वाले वाहन का इंतजार जानकारी के अनुसार, शीला तोमर (पत्नी अरुण सिंह तोमर) अपने मायके अतरसुमा जाने के लिए पोरसा से बस द्वारा भिंड आई थीं। स्टैंड पर उतरने के बाद वे वाहन का इंतजार कर रही थीं। तभी दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और खुद को भी अतरसुमा जाने वाला बताकर ऑटो से साथ चलने व आधा-आधा किराया देने की बात कही। महिला ने उनके साथ जाने से मना कर दिया और बस का इंतजार करती रहीं। रुमाल सुंघाकर किया बेहोश, दबोहा मोड़ पर उतारा कुछ देर बाद दोनों में से एक व्यक्ति दोबारा आया और अपने रुमाल में कोई नशीला पदार्थ डालकर शीला को सुंघा दिया, जिससे वह बेसुध हो गईं। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को ऑटो में बैठाकर ले गए। लूटपाट करने के बाद वे महिला को दबोहा मोड़ पर छोड़ गए। होश आने पर शीला ने देखा कि उनके कानों की सोने की झुमकी, छोटा और बड़ा मंगलसूत्र, सोने की जंजीर, दो अंगूठियां और पर्स में रखे करीब 1500 रुपये नकद गायब थे। परिजनों को नहीं मिला सुराग, पुलिस खंगाल रही CCTV घटना के बाद महिला और उसके परिजनों ने अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश की। जब बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला, तो शीला ने अपने बेटे राधेश्याम सिंह के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए बस स्टैंड व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
