पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 20 अक्टूबर से शुरू होने वाली ‘सनातन स्वाभिमान पदयात्रा’ का रूट जारी हो गया है। यात्रा उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होकर करीब 930 किलोमीटर का सफर तय करते हुए अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा प्रभारी सचिन वत्स ने रूट की जानकारी साझा की है। गुना जिले में यात्रा चांचौड़ा, राघौगढ़ और आरोन विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगी। विजयादशमी के दिन 20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू होने वाली यात्रा तराना, शाजापुर, सारंगपुर, खुजनेर, राजगढ़, चाचौड़ा, आरोन, अशोकनगर, चंदेरी, तालबेहट, जेरोन और ओरछा होते हुए उत्तरप्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद चिरगांव, उरई, कालपी, कानपुर देहात, लखनऊ देहात और बाराबंकी होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा का समापन अयोध्या में रामलला के दर्शन के साथ होगा। ‘शिवधाम से रामधाम’ तक पदयात्रा दिग्विजय सिंह ने इस यात्रा को उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के रामधाम तक की पदयात्रा बताया है। इससे पहले वे यात्रा को गैर-राजनीतिक बताते हुए इसे धर्म और आस्था से जुड़े विषयों पर जनजागरण से जोड़ चुके हैं। यात्रा प्रभारी के अनुसार, उज्जैन से अयोध्या तक का यह सफर केवल दूरी तय करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रास्ते में पड़ने वाले गांवों और कस्बों में लोगों से संवाद भी इसका हिस्सा होगा।
