चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी पर मध्य प्रदेश भर में आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। उज्जैन में परंपरागत नगर पूजा के साथ भव्य आयोजन हुआ, जिसमें संत-महंत शामिल हुए। वहीं नलखेड़ा, मैहर और बागेश्वर धाम समेत प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कन्या पूजन, हवन और भंडारे जैसे धार्मिक आयोजन पूरे दिन चलते रहे। प्रदेश के मंदिरों में भक्तों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। नलखेड़ा में बगलामुखी मंदिर में उमड़ी भीड़
आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में नौ दिवसीय निःशुल्क भंडारा भी आयोजित किया जा रहा है, जहां रोजाना 20 से 30 हजार श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। तस्वीरों देखिए उज्जैन में नगर पूजा का भव्य आयोजन
उज्जैन में श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी द्वारा महाअष्टमी पर पारंपरिक नगर पूजा का आयोजन किया गया। 24 खंबा स्थित माता महामाया और महालया माता मंदिर में विशेष पूजन और मदिरा भोग के बाद यात्रा निकाली गई। इसमें अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत अरविंद पुरी महाराज सहित कई संत-महंत शामिल हुए। मैहर शारदा धाम में रहस्य और आस्था का संगम
मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। त्रिकूट पर्वत पर स्थित इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि यहां आज भी ब्रह्म मुहूर्त में आल्हा सबसे पहले मां की पूजा करते हैं। रात में मंदिर बंद होने के बाद भी घंटियों और मंत्रोच्चार की ध्वनि सुनाई देने की मान्यता श्रद्धालुओं में विशेष आस्था का विषय है। बागेश्वर धाम में कन्या पूजन और भोज
बागेश्वर धाम में पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया। इस दौरान कन्याओं के चरण धोकर तिलक और चुनरी ओढ़ाई गई। प्रदेशभर के मंदिरों में भक्ति का माहौल
बालाघाट, सेंधवा, नीमच और भोपाल समेत कई स्थानों पर देवी मंदिरों में हवन-पूजन और भंडारे आयोजित हुए। सेंधवा के बड़ी बिजासन मंदिर में करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि भोपाल के कालिका मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
