एसटीएफ भोपाल में पदस्थ इंस्पेक्टर आनंद कुमार के खिलाफ रेप का केस दर्ज होने के बाद वह विभाग से छुट्टी लेकर गायब हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। शनिवार को ग्वालियर पुलिस ने इंस्पेक्टर की तलाश में भोपाल, भिंड और ग्वालियर में 12 से ज्यादा संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इंस्पेक्टर के खिलाफ इसी हफ्ते एक महिला ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। मामला वर्ष 2022 का बताया जा रहा है। उस समय आनंद कुमार ग्वालियर के थाटीपुर थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। महिला की शिकायत पर ग्वालियर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है। केस दर्ज होने के बाद से ही इंस्पेक्टर छुट्टी पर चला गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। ऐसे समझिए पूरा मामला शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय पीड़िता की साल 2022 में थाटीपुर थाने में पदस्थ तत्कालीन एसआई आनंद कुमार से पहचान पति से चल रहे अलगाव केस मामले में थाटीपुर थाने में हुई थी। इसके बाद आनंद कुमार ने केस खत्म कराने का आश्वासन देकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बातें करना शुरू कर दिया। 10 अक्टूबर 2022 की रात करीब 11 बजे आरोपी तत्कालीन एसआई उसके किराए के कमरे पर पहुंचा। यहां महिला से शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पत्नी को लास्ट स्टेज कैंसर बताकर लिव-इन में रखा महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे बताया था कि उसकी पत्नी लास्ट स्टेज कैंसर से पीड़ित है और जल्द उसकी मौत हो जाएगी। उसने भरोसा दिलाया कि पत्नी की मौत के बाद वह उससे शादी कर लेगा। इस झांसे में लेकर आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने महिला को अलग मकान किराए पर दिलाया और उसके साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने अप्रैल 2025 तक उसका शोषण किया। इसके बाद प्रमोशन होने पर वह एसटीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हो गया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। मामला दर्ज, टीआई हुआ गायब महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रेप का केस दर्ज किया तो इसकी जानकारी मिलते ही एसटीएफ इंस्पेक्टर आनंद कुमार गायब हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में भोपाल, ग्वालियर और भिंड स्थित उसके घर समेत करीब एक दर्जन से ज्यादा संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला। रिश्तेदारों और परिचितों की जानकारी जुटा रही पुलिस फरार इंस्पेक्टर को पकड़ने के लिए पुलिस अब उसके संभावित ठिकानों के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को आशंका है कि वह इनमें से किसी के संपर्क में हो सकता है। इसी आधार पर पुलिस उसकी तलाश आगे बढ़ा रही है। दोनों मोबाइल बंद, लोकेशन नहीं मिल रही पुलिस के मुताबिक, आनंद कुमार दो मोबाइल नंबर इस्तेमाल करता है। पुलिस ने दोनों नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों बंद मिले। मोबाइल बंद होने के कारण फिलहाल उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। तीन टीमें तलाश में जुटीं डीएसपी महिला सुरक्षा शिखा सोनी ने बताया कि दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद एसटीएफ इंस्पेक्टर आनंद कुमार गायब हो गया। पुलिस ने उसके गृह जिले समेत 12 से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन वह नहीं मिला। महिला थाना पुलिस सहित तीन टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
