उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत मंगलवार को केडी गेट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान मस्जिद के हिस्से को हटाने के लिए प्रशासन की टीम दोबारा पहुंची। जेसीबी से कार्रवाई शुरू होते ही मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध किया। इस दौरान पुलिस से बहस और कहासुनी हुई। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। 3 फीट हिस्सा बचाने की मांग, दुकानों का हिस्सा दिया मस्जिद कमेटी से जुड़े शाहिद खान ने बताया कि यह मस्जिद करीब 100 से 150 साल पुरानी है। समाज ने सड़क चौड़ीकरण में सहयोग करते हुए दुकानों का हिस्सा भी दिया है। उनकी मांग है कि मस्जिद का करीब 2 से 3 फीट हिस्सा बचाया जाए। मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान से जुड़े प्रभावित हिस्से को लेकर भी समाज के लोग मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासन के सामने अपनी बात रखी। बैठक के बाद तय होगा आगे का फैसला: शहर काजी शहर काजी खलिकुर्रहमान ने बताया कि प्रशासन के साथ बैठकर पूरे मामले पर चर्चा की जाएगी। बैठक में जो निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस बल तैनात, फिलहाल कार्रवाई रोकी कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच बातचीत के बाद फिलहाल आगे की कार्रवाई रोक दी गई है। सिंहस्थ की तैयारियों के तहत केडी गेट रोड के चौड़ीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।
