धार जिले के मनावर में ज्वेलर्स व्यापारी से 8 लाख 40 हजार 500 रुपए के सोने के आभूषण लेने और भुगतान नहीं करने के आरोप में गुरुवार को पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन चेन और दो अंगूठियां जब्त कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। 10 मई को दुकान से लिए थे आभूषण मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव और उपनिरीक्षक रानी राठौर के मुताबिक, धार रोड स्थित स्वर्ण श्री ज्वेलर्स के संचालक वैभव सोनी की दुकान पर 10 मई 2026 को विशाल विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ पहुंचा था। दंपती ने तीन सोने की चेन और दो अंगूठियां लीं, जिनकी कीमत 8,40,500 रुपए थी। आभूषण परिवार को दिखाकर लौटाने की बात कही पुलिस के अनुसार, दंपती ने 2 लाख रुपए जमा करने और बाकी राशि बाद में चुकाने का भरोसा दिया था। उन्होंने आभूषण परिवार को दिखाकर जल्द लौटाने की बात भी कही थी। व्यापारी ने पुराने परिचय के चलते उन्हें आभूषण ले जाने दिए, लेकिन आरोप है कि दंपती ने न तो आभूषण लौटाए और न ही भुगतान किया। 18 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत व्यापारी ने 18 अक्टूबर को मनावर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 736/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तीसरे व्यक्ति को आभूषण दिए पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि इंदौर निवासी धर्मेंद्र पाटीदार दंपती से 5 लाख रुपए मांग रहा था। आरोप है कि इसी रकम के बदले दंपती ने व्यापारी से लिए गए आभूषण उसे दे दिए थे। पुलिस इस संबंध में तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस ने आभूषण जब्त किए पुलिस ने तीन सोने की चेन और दो अंगूठियां जब्त की हैं। इनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 40 हजार 500 रुपए बताई गई है। गिरफ्तार पति-पत्नी को कोर्ट में पेश किया गया। कार्रवाई में मनावर पुलिस और धार साइबर सेल के कर्मचारियों की भूमिका रही।
