Homeमध्यप्रदेशमंदिर से निकल रहे श्रद्धालुओं को कार ने कुचला:मंदसौर में 13 साल...

मंदिर से निकल रहे श्रद्धालुओं को कार ने कुचला:मंदसौर में 13 साल की बच्ची और 6 महिलाएं घायल; 4 की हालत गंभीर

मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुपरा गांव में रविवार रात एक तेज रफ्तार कार (RJ 45 CS 0432) ने प्रसादी लेकर मंदिर से बाहर निकल रही महिलाओं को टक्कर मार दी। यह हादसा इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ। हादसे में 6 महिलाएं और एक 13 साल की बच्ची घायल हो गईं। इनमें से चार महिलाओं की हालत गंभीर है। एक महिला के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे गाड़ी से बाहर निकाला, पास के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई की। उन्होंने कार में भी तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। देखिए तस्वीरें…
शराब के नशे में था ड्राइवर
घायल महिलाओं और बच्ची को डायल-112 की मदद से पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 1 बजे घायलों को मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, कार में ड्राइवर अकेला ही था। उसकी पहचान अर्जुन सिंह (32) के रूप में हुई है, जो कमल सिंह का बेटा और पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुजानपुरा का रहने वाला है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। प्रत्यक्षदर्शी बोला- ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो
घटना के समय मौके पर मौजूद दीपक ने बताया कि गांव के बालाजी मंदिर में गणेशजी की स्थापना की गई थी। रात में आरती हुई और प्रसादी वितरण किया जा रहा था। कुछ महिलाएं वहां नृत्य कर रही थीं, जबकि कुछ महिलाएं प्रसादी लेकर बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान काले रंग की कार तेज रफ्तार से आई और महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। दीपक के मुताबिक हादसे में 6-7 लोग घायल हुए हैं। अगर महिलाएं उस समय वहां से नहीं हटी होतीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हीराबाई ने बताया कि बालाजी मंदिर में गणेशजी की मूर्ति स्थापित की गई है। आरती के बाद वह प्रसाद लेने गई थीं। प्रसाद लेकर गेट से बाहर निकलते समय अचानक कार आई और टक्कर मार दी। हादसे का वीडियो भी सामने आया
दैनिक भास्कर को घटना के दौरान का एक वीडियो मिला है। इसमें मंदिर परिसर में कुछ युवक डांस करते नजर आ रहे हैं और वीडियो बनाया जा रहा है। इसी दौरान काले रंग की कार अचानक आती है और मंदिर के बाहर मौजूद लोगों को टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच जाती है। हादसे के बाद का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। वहीं कुछ ग्रामीण कार चालक को खंभे से बांधे हुए नजर आ रहे हैं। थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे ने बताया कि हादसे में 6 महिलाएं और एक बच्ची घायल हुई हैं। कार में एक ही व्यक्ति अर्जुन पिता कमल सिंह सवार था, जिसे हिरासत में लिया गया है। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here