तीन दिन की छुट्टियों के बाद बुधवार को मंदसौर कृषि मंडी खुलते ही मूंगफली और प्याज की बंपर आवक दर्ज की गई। मंडी परिसर में मूंगफली की 7,180 बोरी और नए प्याज की 3,165 बोरी आवक हुई। मूंगफली के भाव 5,000 से 7,880 रुपए और प्याज के भाव 1,500 से 3,400 रुपए प्रति क्विंटल रहे। मंडी में मक्का, सोयाबीन समेत कुल 36,513 बोरी उपज पहुंची। मंडी सचिव लक्ष्मण सिंह ने बताया कि अब 24 से 26 अक्टूबर तक चौथे शनिवार, रविवार और वाल्मीकि जयंती के कारण नीलामी फिर बंद रहेगी। उधर सोयाबीन का पंजीयन 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है, लेकिन खुले बाजार में अच्छे दाम मिलने से किसान कम रुचि ले रहे हैं। सरकारी खरीदी की तारीख अभी तय नहीं है।
