Homeमध्यप्रदेशमंत्री को बदबू न आए, इसलिए छिड़का खुशबूदार स्प्रे:कांग्रेस नेता बोले-उल्टा लटका...

मंत्री को बदबू न आए, इसलिए छिड़का खुशबूदार स्प्रे:कांग्रेस नेता बोले-उल्टा लटका दूंगा; अजय सिंह ने चेताया-2028 कांग्रेस के लिए आखिरी मौका

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। मंत्री को बदबू न आए, इसलिए कराया गया स्प्रे
अशोक नगर में जिला प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के मंत्री के पहुंचने से अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन अपनी अव्यवस्थाओं को छिपाने में जुटा नजर आया। मंत्री को बदबू न आए, इसके लिए पूरे अस्पताल में खुशबूदार स्प्रे का छिड़काव कराया गया। स्थिति यह रही कि कर्मचारी आगे-आगे स्प्रे करते रहे और मंत्री पीछे-पीछे निरीक्षण करते रहे। हालांकि, मंत्री ने सीधे मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान व्यवस्थाओं की पोल भी खुलती नजर आई। अस्पताल में एक ही बेड पर दो लोग सोते हुए मिले, जिन्हें बाद में अलग किया गया। इसके अलावा अस्पताल के गलियारों में भी बिस्तर लगाकर मरीजों का इलाज किया जा रहा था। गर्मी के बीच पंखे और कूलर की कमी के चलते मरीज परेशान दिखे। निरीक्षण के बाद मंत्री ने साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। अब स्थानीय लोग कह रहे हैं कि यदि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इसी तरह अचानक निरीक्षण करते रहें, तो व्यवस्थाएं सुधर सकती है। अपनी ही पार्टी पर ये क्या कह गए कांग्रेस नेता
ग्वालियर में कांग्रेस नेता का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव की जुबान एक नहीं, बल्कि दो बार फिसलती नजर आई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, मीडिया से बातचीत के दौरान सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा- मध्य प्रदेश की कांग्रेस किसानों के साथ छलावा करती आई है। यह सुनते ही पास खड़े नेता भी चौंक गए। खुद नेता जी को अपनी इस बात का तुरंत अहसास नहीं हुआ, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को समझ लिया। मामला यहीं नहीं थमा। उन्होंने आगे कहा- आज किसान परेशान है, आत्महत्या करने को मजबूत है। हालांकि, उन्होंने तुरंत अपनी बात सुधारते हुए मजबूत की जगह ‘मजबूर है’ कहा। अब लोग तंज कर रहे हैं। कह रहे हैं कि जुबान ही तो फिसली है, चलता है। लेकिन ये राजनीति है, यहां इसी तरह की छोटी सी चूक भी बड़ा मुद्दा बन सकती है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने फोन पर दे डाली चेतावनी
राजगढ़ में कांग्रेस नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे कथित तौर पर एक निजी कंपनी के लोगों को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे कंपनी पर दादागिरी करने और ग्रामीणों को परेशान करने के आरोप लगाते दिखते हैं। इसी दौरान वे कहते सुनाई देते हैं कि अगर किसी भी गांव वाले ने मुझसे शिकायत कर दी, तो उल्टा लटका दूंगा। दरअसल, कांग्रेस नेता का आरोप है कि संबंधित कंपनी अपने एक प्रोजेक्ट के लिए पुलिस और प्रशासन से मिलीभगत कर ग्रामीणों की जमीन ले रही है और उस पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद चंदर सिंह सौंधिया एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। अजय सिंह ने कांग्रेस को दी चिंता भरी चेतावनी
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह का एक बयान सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने पार्टी के नेताओं को आगाह करते हुए कहा कि 2028 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए एक तरह से ‘अंतिम चुनाव’ साबित हो सकता है। अजय सिंह ने साफ शब्दों में कहा- 2028 का चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए मध्य प्रदेश का अंतिम चुनाव होगा। सरकार बनी तो हम सब जिंदा रहेंगे, सरकार नहीं बनी तो कोई नहीं रहेगा, ये ध्यान रखिएगा। कांग्रेस के सीनियर नेता के इस बयान से पार्टी के भीतर की चिंता और दबाव साफ झलकता है। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, मध्य प्रदेश में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है। 2003 के बाद से पार्टी लगातार विपक्ष में रही है, सिर्फ कमलनाथ सरकार के 15 महीने का कार्यकाल ही सत्ता के सुख वाला रहा। ऐसे में अजय सिंह की चिंता जायज है। शायद इसलिए वे भी पार्टी को एकजुट करने के लिए भरी गर्मी में दौड़-भाग कर रहे हैं। इनपुट सहयोग – रामेंद्र परिहार (ग्वालियर), संजीव यादव (अशोक नगर), मनीष सोनी (राजगढ़), विनोद सोनी (सिवनी) ये भी पढ़ें –
सीएम के ‘दुश्मन’ शब्द पर गूंजी तालियां-नारे: मंत्री जी कन्फ्यूज, भाजपा विधायक को बता दिया कांग्रेसी सीएम डॉ. मोहन यादव ने राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष केपी यादव को लेकर ऐसी बात कह दी कि पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। सीएम ने कहा- आपकी इस नियुक्ति का आनंद दोगुना है। एक तो दुश्मनों के किले में हमने फतह हासिल की… सीएम के इतना कहते ही केपी यादव के समर्थक उत्साहित हो उठे। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here