मंडला में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देश पर शहर के प्रमुख घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर शाम-रात के समय पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस संवेदनशील और सुनसान क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है, जिसका उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना है। इसी क्रम में, रविवार शाम एसडीओपी पीयूष मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान और पुलिस बल ने माहिष्मती घाट के साथ कुंभ स्थल पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मोबाइल लाइटिंग टावर का उपयोग कर क्षेत्र को रोशन किया गया। साथ ही, नाइट विजन ड्रोन सहित आधुनिक उपकरणों की मदद से निगरानी रखी गई। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आम लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी समझाइश भी दे रही है। पुलिस के मुताबिक, माहिष्मती घाट, रपटा घाट, नाव घाट, जेल घाट, रंगरेज घाट, किला घाट, गऊ घाट, संगम घाट, कुंभ घाट, दादा धनीराम घाट और सहस्त्रधारा घाट सहित विभिन्न घाटों पर नियमित गश्त और चेकिंग की जा रही है।
