भोपाल की हनुमानगंज थाना पुलिस ने 37 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त माल की कीमत करीब चार लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति भोपाल रेलवे स्टेशन के पास एमडी ड्रग्स लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर किरण लॉज के पास से संदिग्ध को पकड़ लिया। मौके पर तलाशी लेने पर उसके पास से 37 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी की पहचान बरखेड़ी, जहांगीराबाद निवासी अबरार खान पिता स्व. मुस्ताफा खान (50) के रूप में की है। आरोपी के कब्जे से एमडी ड्रग्स जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में मारपीट, जुआ, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।
