सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार की शाम को भोपाल जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम शुरू हो गया। शहरी 17 और ग्रामीण 11 स्थानों पर सामूहिक रूप से करीब ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शहर के ऐतिहासिक स्मारकों, प्रमुख चौराहों, घाटों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों से लेकर गांवों के देवस्थलों, तालाबों एवं सामुदायिक परिसरों तक जलने वाले ये दीप सेवा, समर्पण, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण के संकल्प का संदेश दिया गया। नरेला विधानसभा क्षेत्र में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने निवास पर 25 फीट ऊंचे दीप स्तंभ पर दीया जलाया। देखिए तस्वीरें… इससे पहले नगर निगम में महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यती समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गंगानगर, 12 नंबर स्टॉप, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवासीय परिसर एवं भौंरी आवासीय परियोजना के एलआईजी, एमआईजी, नॉन स्लम ईडब्ल्यूएस आवास के 51 हितग्राहियों को चाबी सौंपी। साथ ही 80 हितग्राहियों को स्थाई आवंटन पत्र वितरित किए। नरेला में सवा लाख दीप जलाए नरेला विधानसभा क्षेत्र में में 9,125 दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। सारंग ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 फीट का दीप स्तंभ और 9,125 सेवा दिनों के प्रतीक के रूप में 9,125 दीप जलाए गए। पूरे नरेला विधानसभा क्षेत्र के मंदिरों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों व कार्यकर्ताओं ने सवा लाख दीप जलाए। मंत्री के निवास पर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा और समर्पण पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई। वहीं ऐशबाग में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। सारंग ने कहा कि दीपों के प्रकाश के माध्यम से नरेला के नागरिकों ने प्रधानमंत्री के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। सेवा कार्यों के जरिए ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना को भी साकार किया गया। गांवों के देवस्थल, तालाब और सार्वजनिक परिसर रोशन
ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत चंदेरी के रामदेव बाबा मंदिर प्रांगण, अरेड़ी के अमृत सरोवर, ईमलिया में तालाब मंदिर के पास, पाटनिया के हनुमान मंदिर, ईंटखेड़ी सड़क में नदी के पास, अमोनी के पटेल बाबा मंदिर, सिकंदराबाद के सामुदायिक शेड, बगरोदा के तालाब मंदिर, बरखेड़ी बाजयाफ्त में तालाब नर्सरी के पास, बरखेड़ा बोन्दर में पाठशाला तालाब के पास तथा फंदा कलां के हरिहर मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित किए गए हैं।
