भोपाल के चर्चित ऐशबाग डबल मर्डर केस में रिमांड के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। बुजुर्ग दंपती की हत्या करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश का हिस्सा थी। आरोपी श्रीकांत ने कथित तौर पर गिफ्ट डीड तैयार कराने में लाखों रुपए खर्च किए थे। मर्डर के लिए उसने दो देशी कट्टे के बदले एक लाख रुपए से ज्यादा खर्चे थे। जांच में मृतका शकुंतला की भाभी शिवानी बारिक को हत्याकांड से तो क्लीन चिट मिली है, लेकिन पता चला है कि उसके साथ भी लाखों रुपए के प्लॉट सौदे में फ्रॉड हुआ है। इतना ही नहीं पुलिस की जांच अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क तक पहुंच गई है। रिमांड के दौरान आरोपियों ने प्रॉपर्टी फ्रॉड, आर्थिक धोखाधड़ी और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन तक की कहानी बताई है। पढ़िए रिपोर्ट… सबसे पहले जानिए पूरा घटनाक्रम… 4 पाइंट में अब तक की जांच पुलिस के मुताबिक- ऐशबाग बुजुर्ग दंपती हत्याकांड मामला अब सिर्फ हत्या तक सीमित नहीं रहा। पुलिस का दावा है कि आरोपी श्रीकांत ने गिफ्ट डीड के जरिए मकान अपने नाम कराने की पूरी योजना बनाई थी। उसे भरोसा था कि छह महीने से एक साल के भीतर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वह करोड़ों रुपए की इस संपत्ति को बेच देगा। 1. गिफ्ट डीड पर खर्च किए 18 लाख पूछताछ में श्रीकांत ने पुलिस को बताया कि गिफ्ट डीड तैयार कराने में करीब 18 लाख रुपए खर्च हुए थे। इसके अलावा उसने शकुंतला को तीन लाख रुपए भी दिए थे। पुलिस का मानना है कि इस लेन-देन के बाद आर्थिक दबाव बढ़ने और जल्द संपत्ति पर कब्जा पाने की लालच ने हत्या की साजिश को जन्म दिया। 2. भाई को दिया आधा मकान देने का लालच पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि श्रीकांत ने अपने भाई शशिकांत को वारदात में साथ देने के बदले मकान बेचने के बाद मिलने वाली रकम में आधा हिस्सा देने का लालच दिया था। पुलिस के मुताबिक, यही लालच उसे साजिश में शामिल करने की बड़ी वजह बना। 3. दो कट्टे खरीदने में खर्च किए 1.05 लाख जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल दोनों देशी पिस्टल (कट्टे) मालवा क्षेत्र से खरीदे गए थे। पुलिस के मुताबिक, एक कट्टा 50 हजार और दूसरा 55 हजार रुपए में खरीदा गया था। अब जांच का फोकस हथियार सप्लाई नेटवर्क पर है। पुलिस उन लोगों की पहचान कर रही है, जिन्होंने आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराए। सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की तैयारी है। 4. शिवानी को क्लीन चिट, फ्रॉड का दावा जांच में अब तक ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे शिवानी की हत्या की साजिश में भूमिका साबित हो सके। पुलिस ने उसे इस मामले में क्लीन चिट दी है। हालांकि जांच में यह भी सामने आया कि श्रीकांत ने कथित तौर पर शिवानी के 42 लाख रुपए कीमत के प्लॉट को बेचकर उसे केवल 32 लाख रुपए दिए। पूछताछ में श्रीकांत ने भी इस लेन-देन की पुष्टि की है। इस कथित आर्थिक गड़बड़ी की अलग से जांच की जा रही है। चार्जशीट की तैयारी
दोनों मुख्य आरोपियों की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान जुटाए गए डिजिटल, फॉरेंसिक और दस्तावेजी साक्ष्यों को चार्जशीट में शामिल करने की तैयारी कर रही है। यह खबर भी पढ़ें… करोड़ों की संपत्ति हड़पने बनवाया दानपत्र, फिर गोली मार दी भोपाल पुलिस ने सुदामा नगर कॉलोनी में रहने वाले दंपती हेमंत फिलेमोन और शकुंतला बारीक फिलेमोन की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। वारदात के करीब 20 दिन बाद पुलिस ने दो प्रॉपर्टी डीलरों- श्रीकांत चिंचलिया (40) और शशिकांत चिंचलिया (35) को गिरफ्तार किया है। दोनों सगे भाई हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 5-7 फीट की दूरी से मारी बुजुर्ग दंपती को गोली भोपाल की सुदामा नगर कॉलोनी में रहने वाले बुजुर्ग दंपती हेमंत बारीक और शकुंतला बारीक की जिंदगी जितनी शांत दिखती थी, उतनी ही रहस्यों से भरी हुई भी थी। 26 जून को जब दोनों के शव घर के भीतर सड़ी-गली हालत में मिले तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पढ़ें पूरी खबर…
