भोपाल में करोंद के भगत सिंह चौराहे पर रविवार को मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, अभिनेता राजपाल यादव, चंकी पांडे और अदाह शर्मा शामिल हुए। वहीं, भजन गायक प्रमोद त्रिपाठी ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बनाया। मटकी फोड़ आयोजन समिति के प्रमुख एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुमित पचौरी ने बताया कि एक लाख रुपए की इनामी प्रतियोगिता में प्रदेशभर से गोविंदा टीमें हिस्सा ले रही हैं। अदाह शर्मा ने कार्यक्रम में शिव तांडव स्त्रोत सुनाया। शिवराज बोले- जीवनभर आनंदित रहना है तो सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के साथ प्रेम, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवनभर आनंदित रहना है तो सबसे प्रेम करना चाहिए और सबकी सेवा करनी चाहिए।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे धर्मग्रंथों में कहा गया है कि सबमें राम और सबमें कृष्ण हैं। हम सभी में एक ही चेतना है, इसलिए कोई बड़ा या छोटा, ऊंचा या नीचा नहीं है। सभी बराबर हैं। उन्होंने कहा कि सबसे प्रेम करना ही जीवन का आनंद है और प्रेम का प्रकट रूप सबकी सेवा करना है।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा नाश की जड़ है और युवाओं को अंदर से खोखला करता है। उन्होंने कहा कि अगर नशा ही करना है तो भगवान श्रीकृष्ण के नाम का नशा करो और भक्ति में डूबो।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने युवाओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे जीवन में खूब आगे बढ़ें और जब भी जरूरत पड़े, मामा उनके साथ खड़ा मिलेगा। शिवराज ने कार्यक्रम में गाना भी गाया। देखें तस्वीरें… रामेश्वर शर्मा बोले- भोपाल वाला नहीं, इस्लामाबाद वाला कार्यक्रम में शामिल हुए हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद के मुद्दे पर तीखे बयान दिए। हिंदू एकता केवल मटकी फोड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट रहना चाहिए। रामेश्वर शर्मा ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। उन्होंने मंच से लोगों से पूछा कि “इस्लामाबाद में मटकी फोड़ना चाहते हो कि नहीं?” इसके बाद उन्होंने कहा कि अगर इस्लामाबाद में मटकी फोड़नी है तो पहले वहां की मटकी फोड़नी पड़ेगी। विधायक ने मिसाइल और सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह करोंद चौराहे पर मिसाइल लगाकर उसे काजी कैंप में गिराने की बात कही जा सकती है, उसी तरह आतंकवाद के खिलाफ भारत अपनी ताकत दिखा सकता है। काजी कैंप का नाम लेते ही उन्होंने तुरंत स्पष्ट किया कि वे भोपाल के काजी कैंप की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि इस्लामाबाद वाले काजी कैंप का जिक्र कर रहे हैं। राजपाल बोले- श्रीकृष्ण की राह पर चलें दही हांडी उत्सव में अभिनेता राजपाल यादव ने धर्म, सद्भावना और विश्व कल्याण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दही हांडी केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपने भीतर के कंस यानी नकारात्मक और तामसिक प्रवृत्तियों को समाप्त कर भगवान श्रीकृष्ण की राह पर चलने का संदेश देती है। आयोजन में विभिन्न वर्गों के लोगों के एक साथ आने को उन्होंने एकता और मिलन का प्रतीक बताया। उन्होंने विश्व शांति और सभी के कल्याण की कामना करते हुए कहा, “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो।” राजपाल यादव ने कहा कि कृष्ण के प्रति प्रेम और भक्ति जीवन को सकारात्मक दिशा देती है। उन्होंने खुद को कृष्ण का ‘मनसुखा’ बताते हुए कहा कि वे जीवनभर लोगों के कल्याण के लिए उनके बीच मौजूद रहेंगे।
