भोपाल के कटारा हिल्स स्थित गर्ल्स हॉस्टल में बुधवार सुबह छात्राओं ने भोजन और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल में परोसे जाने वाले भोजन में कीड़े निकलते हैं और पानी भी साफ नहीं है। उन्होंने इन समस्याओं को दूर करने की मांग की। छात्राओं का कहना है कि छात्रावास में परोसे जाने वाले भोजन में कीड़े निकलने जैसी गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। यह स्थिति छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर चिंता पैदा करती है। इसके साथ ही वाटर कूलर एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था में कमी के कारण भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। SFI के बैनर तले प्रदर्शन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) भोपाल के बैनर तले छात्राएं हॉस्टल परिसर में प्रदर्शन कर रही हैं। उनका कहना है कि छात्रावास में भोजन, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। ये सुविधाएं छात्राओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य से जुड़ी हैं। प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि हॉस्टल की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
