भिंड में अब ई-रिक्शा दो पालियों में चलेंगे। प्रशासन ने शनिवार को यह फैसला लिया। इसका मकसद शहर में जाम रोकना और यातायात व्यवस्था सुधारना है। अब सिर्फ रजिस्टर्ड ई-रिक्शा ही चल सकेंगे। इनकी पहचान के लिए अलग-अलग रंग तय किए जाएंगे। पहली पाली सुबह से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से रात तक रहेगी। बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ई-रिक्शा जब्त होंगे। नाबालिग के ई-रिक्शा चलाते मिलने पर वाहन मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई होगी। कलेक्टर पवन कुमार जैन ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा- यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। दूसरे राज्यों के ई-रिक्शा को 3 दिन का समय कलेक्टर ने दूसरे राज्यों में रजिस्टर्ड होकर जिले में चल रहे ई-रिक्शा को 3 दिन में बाहर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद भी ऐसे वाहन चलते मिले तो जब्त किए जाएंगे। सभी ई-रिक्शा पर नंबर प्लेट और तय रंग होना जरूरी है। चौराहों पर कतार में खड़े होंगे ई-रिक्शा चालकों को चौराहों पर सड़क किनारे खाली जगह में कतार से वाहन खड़े करने होंगे। इससे यातायात नहीं रुकेगा। एक-दूसरे के बगल में वाहन खड़े करने पर रोक रहेगी। ज्यादा सामान भरकर ई-रिक्शा चलाने की भी अनुमति नहीं होगी। परिवहन विभाग को फिटनेस जांच के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानों के बाहर से हटेगा सामान, गड्ढे भी भरेंगे कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ को मुख्य बाजार और सड़कों पर चूने की लाइन डलवाने के निर्देश दिए। दुकानदारों को लाइन के बाहर सामान नहीं रखने को कहा जाएगा। ग्राहकों के वाहन भी सड़क पर खड़े नहीं होने दिए जाएंगे। मुख्य सड़कों के बड़े गड्ढे भरे जाएंगे। पुराने रेलवे स्टेशन मार्ग पर मुरम डालकर रोलिंग कराई जाएगी। यहां अस्थायी रास्ता भी बनाया जाएगा।
