दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट आम लोगों की समस्याओं को दूर कराने में मदद कर रहा है। यहां पोस्ट की गईं समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंच रही हैं। एप के खास फीचर से यूजर द्वारा पोस्ट की गई समस्या सीधे संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी तक पहुंचती है। पूरे शहर से लोग अपनी समस्याएं पोस्ट कर रहे हैं। इन समस्याओं पर अधिकारियों ने भी कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। ऐसी ही एक पोस्ट पर नगर निगम पार्षद ने तुरंत एक्शन लिया। दरअसल, इंदौर के वार्ड 74 स्थित इंद्रपुरी कॉलोनी के एक रहवासी ने दैनिक भास्कर एप के ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट पर मोहल्ले में सफाई नहीं होने और कचरा जमा रहने की समस्या पोस्ट की थी। शिकायत में बताया कि नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है और रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर वार्ड 74 की पार्षद सुनीता हरदिया ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और सफाई कर्मियों की टीम को मौके पर भेजकर क्षेत्र की साफ-सफाई करवा दी। जमा कचरा हटने से रहवासियों की समस्या का समाधान हो गया। आप भी अपनी जनसमस्याओं को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें… नगर निगम के वार्ड 74 की पार्षद सुनीता हरदिया बनीं आज की ‘पब्लिक स्टार’… इंदौर के लोग सड़क, गंदगी, लाइट और सीवरेज की समस्याएं पोस्ट कर रहे हैं… अंबिकापुरी एक्सटेंशन: बिजली आपूर्ति 15 मिनट में बहाल इंदौर के अंबिकापुरी एक्सटेंशन, अशोक नगर रोड निवासी विमल कुमार जैन ने ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट पर बिजली बंद होने की समस्या पोस्ट की। उनके अनुसार, क्षेत्र में पिछले 4 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत संबंधित विभाग में की गई थी, लेकिन समस्या बनी हुई थी। हालांकि, दैनिक भास्कर एप पर शिकायत पोस्ट करने के बाद महज 15 मिनट में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। पंचमूर्ति नगर: सेंट्रल लाइन कार्य के बाद सड़क बदहाल लोकनायक नगर स्थित पंचमूर्ति नगर में करीब एक माह पहले सेंट्रल लाइन का कार्य किया गया था, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है। सड़क अस्त-व्यस्त स्थिति में है और पूरे मार्ग पर चारों ओर गीली मिट्टी फैली हुई है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि खुदाई के बाद सड़क को व्यवस्थित नहीं किया गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क सुधार कार्य कराने की मांग की है। नायता मुंडला अंडर पास: जाम ड्रैनेज से बढ़ी परेशानी एबी रोड बायपास स्थित नायता मुंडला फ्लाईओवर के नीचे बने अंडरपास में दोनों ओर की सर्विस रोड पर ड्रेनेज गंदगी से भरा हुआ है। रहवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। वहीं सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे भी बन गए हैं, जिससे सिल्वर स्प्रिंग्स फेज-2 की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोकमान्य नगर: ट्रांसफार्मर का खुला फ्यूज बॉक्स बना खतरा ओल्ड आरटीओ रोड स्थित उत्कर्ष गार्डन, लोकमान्य नगर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर के नीचे लगा फ्यूज बॉक्स अक्सर खुला रहता है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, खासकर बच्चों और राहगीरों के लिए यह स्थिति खतरा बन सकती है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से फ्यूज बॉक्स को सुरक्षित तरीके से बंद कर उस पर ताला लगाने की मांग की है। सर्वानंद नगर: खुले चैंबर का ढक्कन बना हादसे का कारण सर्वानंद नगर में आम रास्ते पर चैंबर का ढक्कन खुला होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सड़क किनारे खुले चैंबर के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द ढक्कन लगाकर चैंबर को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप पर भास्कर समाधान सेगमेंट देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी खुद अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू पोस्ट कर सकते हैं। यह पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा माध्यम बना है। लोगों के शानदार रिस्पांस के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी और आसान बनाया गया है। अधिकारी बता सकेंगे, क्या एक्शन लिया दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपना एक्शन बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उसके अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहेंगे तो जिस यूजर ने शिकायत की है उसे भी कॉल कर सकेंगे। यूजर बता सकते हैं समाधान हो गया एप को यूजर्स के लिए भी काफी आसान बनाया गया है और नए फीचर्स जोड़े गए हैं। किसी समस्या का समाधान होने पर यूजर्स बता सकते हैं कि उनकी शिकायत दूर कर दी गई है। इंदौर में रहने वाले फैजान ने शिकायत की थी कि उनके क्षेत्र की सरकारी बोरिंग पिछले एक महीने से बंद पड़ी थी। मशीन में खराबी के कारण मोहल्ले में पानी की गंभीर समस्या हो रही थी और लोगों को रात में कुएं से पानी भरना पड़ रहा था। भास्कर समाधान की पहल के बाद संबंधित विभाग ने बोरिंग की समस्या का समाधान कर दिया। फैजान ने स्वयं बताया कि अब समस्या पूरी तरह से दूर हो चुकी है। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव के लिए सकारात्मक पहल भास्कर समाधान सेगमेंट बदलाव लाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इसके पीछे भास्कर एप की सोच यही है कि शहर के हर कोने से लोगों की समस्याएं प्रशासन तक रियल टाइम पहुंचें, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच एक सेतु बन सके। लोग सीधे अपनी बात कह सकें। ऐसे में सरकार और अधिकारियों को चाहिए कि वे इन पोस्ट को सकारात्मक रूप से लें और समाधान का रास्ता चुनें।
