दिल्ली के ले मेरिडियन होटल में मंगलवार को चौथी मंजिल के पूलसाइड से गिरने के बाद 37 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिविज मारिया के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना 25 अगस्त को संसद मार्ग थाना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद दिविज को तुरंत आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी सबूत जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिविज ने करीब 6 महीने पहले गुरुग्राम की एक कॉरपोरेट कंपनी की नौकरी छोड़ी थी। पुलिस के मुताबिक, परिवार से मिली जानकारी में यह भी सामने आया है कि वह पिछले कुछ महीनों से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। वह शादीशुदा थे और नई दिल्ली में रहते थे। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत जांच शुरू कर दी है। मौत की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
