गुना में रविवार को जनजातीय गौरव दिवस (बिरसा मुंडा जयंती) पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि देश में कोई आदिवासी नहीं है। उनके अनुसार, पहाड़ों पर रहने वाले गिरिवासी, जंगलों में रहने वाले वनवासी, गांवों में रहने वाले ग्रामवासी और शहरों में रहने वाले नगरवासी हैं। उन्होंने कहा, ‘तुम आदिवासी हो, तो फिर हम क्या हैं? हम क्या बाहर से आए हैं?’ विधायक बोले- समाज को टुकड़ों में बांटा गया विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा, ‘सबसे पहले किसी भी कार्यक्रम में घर में, बाहर, भूमिपूजन में, शादी में गणेश जी की स्थापना कर उनकी पूजा होती है। वैसे ही आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जिलाध्यक्ष जी और प्रशासन के मुखिया किशोर कन्याल जी। अब जब मैंने दोनों के नाम ले लिए, तो सब आ गए। गणेश जी की पूजा हो गई तो सबकी पूजा हो गई।’ शाक्य ने भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को गणेश जी कहकर भी संबोधित किया। ‘देश में पहले चार तरह के भेद नहीं थे’ शाक्य ने कहा कि देश की मौजूदा व्यवस्था में चार प्रकार के भेद कर दिए गए हैं, जबकि पहले ऐसा नहीं था। तब न आदिवासी, पुरावासी, जनजाति या अनुसूचित जाति के लोग थे और न ही अगड़े-पिछड़े थे। उन्होंने कहा कि समाज को बांटकर अपना राज कायम रखने की व्यवस्था आज भी चल रही है। शाक्य ने कहा कि जिस महापुरुष के जन्मदिवस पर सभी उपस्थित हुए हैं, उनकी जयंती पर यह बात स्पष्ट रखनी चाहिए। पहाड़ों पर रहने वाले गिरिवासी, जंगलों में रहने वाले वनवासी, गांवों में रहने वाले ग्रामवासी और शहरों में रहने वाले नगरवासी हैं। उन्होंने कहा कि समाज का विभाजन इन्हीं चार आधारों पर हुआ था। ‘तुम आदिवासी हो, तो फिर हम क्या हैं। हम क्या बाहर से आए हैं। अध्यक्ष जी बैठे हैं, ये बाहर से आए हैं क्या। अरे ये भी आदिवासी हैं। कुछ लोग तोड़ रहे हैं, यह कहकर कि ये आदिवासी नहीं हैं, हम आदिवासी हैं। इसलिए हमारी व्यवस्था अलग।’
