शहडोल में वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके साथी अतुल तिवारी की मौत हो गई। दोनों युवक शनिवार रात में एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, टिहकी गांव के रहने वाले राहुल और अतुल शनिवार रात झिरिया गांव में एक शादी में शामिल होने गए थे। देर रात जब वे अपनी बाइक से घर वापस आ रहे थे, तभी शहडोल-रीवा हाईवे पर जोरा पुलिया के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। सुबह सड़क किनारे मिले शव रविवार की सुबह जब राहगीरों ने सड़क किनारे टूटी हुई बाइक और दो युवकों के शव देखे, तो पुलिस को खबर की, सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक राहुल द्विवेदी क्षेत्र के एक सक्रिय युवा नेता थे, जिनके निधन की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल रहा और नेताओं ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। जिले में बेलगाम होते वाहन इस हादसे ने जिले की यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले महज एक हफ्ते के भीतर शहडोल जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में 9 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें कई मासूम और राहगीर भी शामिल हैं, जो तेज रफ्तार का शिकार हुए हैं।
