बीना में 14 अगस्त को शराब दुकान के एक कर्मचारी से मारपीट, गाड़ी में तोड़फोड़ और अपहरण की कोशिश के मामले में सोमवार को चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कदम तीन दिन पहले बेलई तिराहा पर हुई घटना की जांच के बाद उठाया है। मंगलवार को अशोकनगर के रहने वाले और बीना की शराब दुकान में काम करने वाले विवेक राय (24) ने बताया कि तीन दिन पहले वह अपने साथी संदीप राय के साथ बोलेरो गाड़ी से बेलई तिराहा गया था। वहां नीरज राय, प्रमोद तिवारी, नरेश राय और सक्षम जैन स्कॉर्पियो से आए और बोलेरो के आगे गाड़ी अड़ाकर रास्ता रोक दिया। आरोपियों ने उन पर मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। गाड़ी फोड़ी और लात-घूसों से पीटा आरोप है कि सक्षम जैन ने डंडे से बोलेरो के कांच फोड़ दिए। इसके बाद चारों आरोपियों ने विवेक और संदीप की पाइप, बेल्ट व लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे विवेक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जबरन साथ ले जाने की कोशिश भी की और जान से मारने की धमकी दी। चार आरोपियों पर केस दर्ज पुलिस ने विवेक राय की अर्जी पर प्रमोद तिवारी, नरेश राय, नीरज राय और सक्षम जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 115(2), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
