Homeमध्यप्रदेशबीकॉम की परीक्षा दे रही थी बीटेक की छात्रा:उज्जैन में पकड़ी गई,...

बीकॉम की परीक्षा दे रही थी बीटेक की छात्रा:उज्जैन में पकड़ी गई, बोली-दोस्त की बहन के लिए आई; रियल स्टूडेंट का मोबाइल बंद मिला

उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में सोमवार को बीकॉम परीक्षा के दौरान फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाने का मामला सामने आया। एक छात्रा की जगह दूसरी छात्रा परीक्षा देती पकड़ी गई। इससे विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ स्टडीज इन कॉमर्स में सोमवार को बीकॉम 6वें सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग का खुलासा हुआ। सपना भदौरिया की जगह इंदौर से आई युवती परीक्षा देते पकड़ी गई। अधिकारियों ने पूछताछ के लिए वास्तविक छात्रा के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन बंद मिला। एनएसयूआई के विश्वविद्यालय अध्यक्ष तरुण परिहार के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के बाद उन्हें सूचना मिली थी कि एक छात्रा की जगह कोई और परीक्षा देने पहुंचेगा। सूचना मिलते ही वागदेवी भवन स्थित परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों को अवगत कराया गया। जांच में कक्ष क्रमांक 10 की A-1 सीट पर बैठी छात्रा के दस्तावेज और फोटो का मिलान किया गया, जिसमें गड़बड़ी मिली। पूछताछ में युवती ने अपना नाम प्रिशा साहू, निवासी यादव नगर इंदौर बताया और खुद को बीटेक की छात्रा बताया। ऋषभ ने कहा था- परीक्षा दे दो, बाकी बाद में समझ लेंगे सॉल्वर के तौर पर पकड़ी गई प्रिशा साहू ने पूछताछ में खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी पहचान ऋषभ नाम के युवक से है, जिसकी बहन सपना भदौरिया की जगह उसे परीक्षा देने बुलाया गया था। प्रिशा के मुताबिक, सपना ने उस पर दबाव बनाया और कहा कि “फिलहाल परीक्षा दे दो, बाकी डील बाद में समझ लेंगे।” इसी कारण वह इंदौर से उज्जैन परीक्षा देने पहुंची थी।ऋषभ ने उसे भरोसा दिलाया कि वह पहले भी तीन बार ऐसा काम कर चुका है, इसलिए कोई दिक्कत नहीं आएगी। परीक्षा हॉल में बैठकर कॉपी में कुछ भी लिखने को कहा सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि बीटेक की छात्रा होने के बावजूद वह बीकॉम का पेपर देने बैठ गई। प्रिशा ने बताया कि उसे सिर्फ परीक्षा हॉल में बैठकर कॉपी में कुछ भी लिखने को कहा गया था। बाकी व्यवस्था संभालने का भरोसा दिया गया था। बयान के बाद साफ है कि मामला सिर्फ एक सॉल्वर तक सीमित नहीं है। इसके पीछे संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है। परीक्षा नियंत्रक कक्ष में बैठाकर छात्रा से पूछताछ की गई जानकारी मिलते ही कुलगुरु अर्पण भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए परीक्षा नियंत्रक को तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए। फिलहाल आरोपी छात्रा को परीक्षा नियंत्रक कक्ष में बैठाकर पूछताछ की गई है। मामले को माधव नगर थाना पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here