बीना के खिमलासा में बिना रॉयल्टी रेत के कारोबार की शिकायतों के बाद खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए एम-सैंड से भरा एक ट्रक जब्त किया है। मंगलवार को यह कार्रवाई खिमलासा थाने के ठीक सामने से गुजर रहे ट्रक पर की गई। खनिज अधिकारी विराज नागवंशी की टीम ने जांच की। इस दौरान ट्रक (UP 94 T 3644) में बिना रॉयल्टी के एम-सैंड रेत भरी पाई गई। जरूरी दस्तावेज न मिलने पर विभाग ने गाड़ी जब्त कर खिमलासा पुलिस के हवाले कर दी। थाने के सामने से गुजरने पर उठे सवाल रेत से भरा ट्रक थाने के सामने से गुजरने पर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि बिना वैध रॉयल्टी के यह वाहन बेरोक-टोक कैसे घूम रहा था। दर्जनभर ठिकानों पर अवैध कारोबार का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर रेत का डंपिंग और बिक्री का अवैध कारोबार चल रहा है। बाहर से रेत लाकर स्थानीय लोगों को महंगे दामों में बेची जा रही है। लोगों का कहना है कि सिर्फ एक ट्रक पकड़ने से काम नहीं चलेगा, खनिज विभाग को रेत के इन ठिकानों और भंडारण स्थलों की भी जांच करनी चाहिए।
