यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने नियमों में बदलाव किए हैं। रेलवे बोर्ड के नए प्रावधानों के अनुसार अब बिना टिकट यात्रा करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर पहले से ज्यादा सख्ती की जाएगी। रेलवे ने वर्ष 2013 के बाद पहली बार जुर्माने की राशि में संशोधन किया है। नए नियम के तहत बिना टिकट या गलत टिकट के साथ यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री को किराए के अतिरिक्त न्यूनतम 500 रुपए का जुर्माना देना होगा। पहले यह राशि 250 रुपए थी। दूसरे के नाम के टिकट पर यात्रा करने पर कार्रवाई रेलवे ने टिकट के गलत इस्तेमाल पर भी सख्ती बढ़ाई है। यदि कोई यात्री किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से बुक टिकट पर सफर करता पाया जाता है तो उसका टिकट मौके पर ही रद्द किया जा सकता है। साथ ही संबंधित यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। महिला कोच में प्रवेश पर 2500 रुपए जुर्माना महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने महिला कोच के नियम और कड़े किए हैं। महिला कोच में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले पुरुष यात्रियों पर 2500 रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में गंदगी फैलाने, नशे की हालत में हंगामा करने या अशोभनीय व्यवहार करने वालों पर 2000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। अवैध फेरी और भीख मांगने पर भी सख्ती रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशन परिसर में बिना अनुमति सामान बेचने, फेरी लगाने और भीख मांगने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के प्रावधान सख्त किए हैं। ऐसे मामलों में 2000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यदि आरोपी जुर्माना जमा नहीं करता है तो नियमों के तहत तीन महीने से लेकर एक वर्ष तक की जेल की सजा का प्रावधान भी रखा गया है। रेलवे का कहना है कि इन नए नियमों का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना, अनुशासन बनाए रखना और यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
