बालाघाट जिले के बैहर और गढ़ी थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम बदलने के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। अलग-अलग गांवों में हुई इस घटना में आठ अन्य लोग घायल हुए है। घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वॉच टॉवर पर गिरी बिजली, तीन ने गंवाई जान पहली बड़ी घटना बैहर थाना क्षेत्र के बिरवा हवाई पट्टी के पास भमोड़ी वन विभाग कैंप में हुई। यहां बिरवा निवासी सतीश वलके (19) और लक्की मेरावी (18) अपनी बहनों के साथ तालाब की ओर गए थे। वहीं भमोड़ी निवासी झामसिंह ताराम (34) और गुचरी ताराम (50) जंगल में लकड़ी काटने निकले थे। अचानक तेज आंधी-तूफान और बारिश शुरू होने पर करीब 9 लोग पास ही बने वन विभाग के वॉच टॉवर में छिप गए। सतीश और लक्की टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से में थे। इसी दौरान टॉवर से सटे एक साल के पेड़ पर जोरदार बिजली कड़कड़ाकर गिरी। हादसे में सबसे ऊपरी हिस्से में मौजूद सतीश वलके और लक्की मेरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे झामसिंह ताराम ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। यह हुए घायल बम्हनी निवासी शालिनी पिता सबजीत वलके (13) भिमोड़ी निवासी देवसिंह पिता कतियासिंह ताराम (50), अतरिया निवासी महेश पिता संतलाल तेकाम (35), देवलाल पिता बजारी तेकाम (50), रायसिंग पिता हजारी पंद्र (52) तथा कौशल्या मरावी (70) वर्ष शामिल है। गढ़ी क्षेत्र में महिला की मौत, बम्हनी में भी गिरी गाज दूसरी घटना गढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खुर्सीपार के कोमो गांव की है, जहां नुंकाटोला निवासी चंद्रावती पति कैलाश पुसाम (39) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके अलावा बैहर के ही ग्राम बम्हनी में एक मकान पर बिजली गिरने से दो लोग घायल हो गए, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। दो गंभीर घायलों की हालत नाजुक, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल हादसे में घायल हुए अन्य लोगों में भमोड़ी निवासी गुचरी ताराम (50) और एक अन्य की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बैहर अस्पताल से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। चार अन्य घायलों का इलाज बैहर अस्पताल में ही चल रहा है। बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोल्हे ने बताया- डायल 100 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया गया है।
