भिंड में मिहोना थाना क्षेत्र में ररी गांव के पास बाइक और ऑटो की टक्कर में दो किशोर घायल हो गए। दोनों बाइक सवार लहार से उत्तर प्रदेश स्थित अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रायपुरा थाना क्षेत्र के पूरनपुरा निवासी ऋषव (16) और अंशु (17) बाइक से लहार से अपने गांव जा रहे थे। ररी गांव के पास उनकी बाइक की अनियंत्रित ऑटो से भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना कंट्रोल रूम से मिलते ही जिला प्रभारी प्रभांशु दुबे ने नजदीकी मछण्ड जननी 108 एम्बुलेंस को मौके पर भेजा। एम्बुलेंस चालक अखिलेश भारद्वाज ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहार पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल भिंड रेफर कर दिया गया।
