मध्यप्रदेश के दमोह जिले में 3 साल के मासूम अनिरुद्ध की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। बच्चे की बड़ी मां ने ही जमीन विवाद की रंजिश में उसका अपहरण कर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए सिर पर पत्थर पटककर शव अंधेरे में घर से करीब 50 मीटर दूर भूसे के ढेर में फेंक दिया। मामला तेजगढ़ क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव का है। एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि मृतक अनिरुद्ध के पिता माखन सिंह और उनके भाई भगवान सिंह लोधी के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में भगवान सिंह की पत्नी राजकुमारी लोधी ने शुक्रवार सुबह बच्चे को अपने पास बुलाकर गायब कर दिया था। पिता ने कहा- आंगन से अचानक हुआ लापता परिजन पहले इसे अपहरण मान रहे थे। बच्चे के पिता माखन सिंह ने बताया था कि अनिरुद्ध घर के आंगन में खेल रहा था, तभी अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। रातभर बच्चे की सर्चिंग करती रही टीम सूचना मिलने पर इमलिया चौकी पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सर्चिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर 70 फीट गहरे कुएं तक की तलाशी ली गई। रातभर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एसडीआरएफ टीम बच्चे की तलाश में जुटी रही। दूसरे दिन मिला शव, चोट के निशान थे शनिवार दोपहर अनिरुद्ध का शव घर के पास भूसे के ढेर पर मिला। शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही एसपी आनंद कलादगी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। हिरासत में सख्ती से पूछताछ पर कबूला जुर्म पुलिस को शुरुआत से ही बच्चे के बड़े पिता भगवान सिंह और बड़ी मां राजकुमारी लोधी पर शक था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर राजकुमारी लोधी टूट गई और हत्या करना कबूल कर लिया। महिला समेत दो हिरासत में एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि फिलहाल आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है। वहीं बड़े पिता भगवान सिंह से भी पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
