बड़वानी के दशहरा मैदान में शनिवार शाम बंद हुआ पटाखा बाजार पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल और प्रशासन की समझाइश के बाद फिर खुल गया। आठ दुकानदारों को कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इससे पटाखे खरीदने पहुंचे लोगों को बिना खरीदारी किए लौटना पड़ा। व्यापारियों से चर्चा के बाद सभी दुकानें फिर खुलीं और आतिशबाजी की खरीदारी शुरू हो गई। आठ दुकानदारों को नोटिस मिलने पर किया था प्रदर्शन प्रशासन ने निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर आठ पटाखा दुकानदारों को नोटिस जारी किए थे। इसके विरोध में शनिवार दोपहर बाद व्यापारी एकजुट हुए और शाम करीब 4 बजे दुकानें बंद कर दीं। व्यापारियों का कहना था कि दशहरा मैदान में कुल 48 दुकानें लगी हैं और सभी की व्यवस्था लगभग एक जैसी है। ऐसे में नियम सभी दुकानों पर समान रूप से लागू होने चाहिए। उन्होंने नोटिस का निराकरण होने तक दुकानें नहीं खोलने की बात कही थी। पांच बिंदुओं पर बताई गई थीं कमियां व्यापारी अभिषेक दीक्षित के मुताबिक, एसडीएम कार्यालय ने पटवारी के जरिए आठ दुकानदारों को नोटिस दिए थे। इनमें दुकानों के बीच तय 3 मीटर की दूरी नहीं होना, मौके पर लाइसेंस नहीं मिलना, स्थानीय भाषा में चेतावनी बोर्ड नहीं लगाना और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करना जैसी कमियां बताई गई थीं। पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल और तहसीलदार दी समझाइश पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल और तहसीलदार राहुल सोलंकी ने व्यापारियों से चर्चा की। उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से समझाइश दी गई। इसके बाद व्यापारियों ने दुकानें खोल दीं और पटाखों की बिक्री शुरू हो गई। नोटिस का जवाब देने के निर्देश तहसीलदार राहुल सोलंकी ने बताया कि जिन दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें निर्देशों का पालन करने और अपना जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। व्यापारियों से चर्चा के बाद पटाखा बाजार फिर से सुचारू रूप से शुरू करा दिया गया। ग्राहकों को मिली राहत दुकानें बंद होने के कारण शनिवार शाम शहर और आसपास के गांवों से पटाखे खरीदने पहुंचे कई परिवारों को लौटना पड़ा था। बाजार खुलने के बाद खरीदारी फिर शुरू हो गई।
