Homeमध्यप्रदेशप्लास-पेचकस से निकाली गईं पैंट की चेन और बटन:रीवा में NEET में...

प्लास-पेचकस से निकाली गईं पैंट की चेन और बटन:रीवा में NEET में दिखी सख्ती, 13 केंद्रों पर 5399 परीक्षार्थी; 50% महिला पुलिसकर्मी तैनात

रीवा जिले में आज (रविवार) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। जिले के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर 5399 परीक्षार्थी एग्जाम देने पहुंचे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश देने के लिए सुबह 11:30 बजे से केंद्रों के गेट खोल दिए गए थे। अंदर जाने से पहले छात्र-छात्राओं की मेटल डिटेक्टर और मैनुअल तरीके से सघन जांच (फ्रिस्किंग) की गई। सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराते हुए अभ्यर्थियों के कपड़ों में लगी चेन, धातु के बटन, कलावा, गहने और अन्य धातु की वस्तुएं बाहर ही उतरवा ली गईं। सख्ती का आलम यह रहा कि कई अभ्यर्थियों की पैंट की चेन और बटन तक प्लास और पेचकस की मदद से निकाले गए, उसके बाद ही उन्हें प्रवेश मिला। इस कड़ी जांच प्रक्रिया के चलते कुछ परीक्षा केंद्रों के बाहर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी बन गई थी। इन 13 परीक्षा केंद्रों पर हो रहा एग्जाम
जिले में नीट परीक्षा के लिए टीआरएस कॉलेज, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, एसके स्कूल और पीके सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल को केंद्र बनाया गया है। इनके साथ ही केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 व 2, गवर्मेंट हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 1 व 2 और मार्तण्ड उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 व 2 में भी परीक्षार्थी पेपर दे रहे हैं। इसके अलावा शासकीय कन्या महाविद्यालय, शासकीय विधि महाविद्यालय और पॉलिटेक्निक कॉलेज में भी परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की जा रही है। एएसआई स्तर के अधिकारी संभाल रहे सुरक्षा की कमान
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक एएसआई (ASI) स्तर का अधिकारी सुरक्षा की कमान संभाल रहा है। हर केंद्र पर पुलिस अधिकारी के साथ चार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए 50 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बैंक के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखे गए प्रश्नपत्रों को भी अलग-अलग वाहनों से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच केंद्रों तक पहुंचाया गया है। अभिभावकों के लिए टेंट और ओआरएस की व्यवस्था
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों के अभिभावकों के बैठने के लिए विशेष पंडाल लगाए हैं। यहां शुद्ध पेयजल के साथ ग्लूकोज और ओआरएस (ORS) की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दौरान बिजली कटौती से बचने के लिए निर्बाध आपूर्ति और जनरेटर जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here