भोपाल के लिंक रोड नंबर-1 स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में स्विमिंग के दौरान करीब 4 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। परिजन बच्चों को तुरंत जेपी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। स्विमिंग के दौरान 2 बच्चों को सांस लेने में दिक्कतें होने लगी। हालांकि, अब बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। मामला बुधवार शाम 5 बजे का है। प्रकाश तरण पुष्कर में कई बच्चे स्विमिंग कर रहे थे। तभी उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन सचिन जैन ने बताया कि उनकी बेटी आध्या जैन (15) भी प्रकाश तरण पुष्कर गई हुई थीं। यहां करीब 20-25 बच्चे थे। जो बच्चे पानी में थे, उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उनकी बेटी आध्या समेत दो बच्चों को तुरंत अस्पताल में ले जाया गया। जहां सभी प्राथमिक इलाज किया गया। 24 घंटे नजर रखने को कहा सचिन ने बताया कि जिन बच्चों की तबीयत बिगड़ी है, उनकी सेहत पर 24 घंटे नजर रखने को डॉक्टर ने कहा है। उनकी बेटी को वहां मौजूद महिलाएं जेपी अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज किया। क्लोरिन गैस की वजह से तबीयत बिगड़ी प्रकाश तरण पुष्कर के मैनेजर हेमंत जारिया का कहना है कि पाइप की वजह से क्लोरिन गैस लीक हो गई। हवा की वजह से ऐसा हुआ। खांसी की शिकायत होने के बाद बच्चों को अस्पताल भेज दिया गया। अब वे ठीक हैं। गैस लीकेज होने पर तुरंत टंकी बदली गई। सचिन ने बताया कि बेटी की बहुत ज्यादा तबीयत खराब हो गई थी। बेहोशी जैसी स्थिति में थी। यहां मौजूद महिलाएं बिटिया को अस्पताल लेकर पहुंची। उसकी करीब 20 मिनट तक खांसी नहीं रूकी। डॉक्टर ने जरूरी इलाज किया। इसके बाद बेटी को घर लेकर चले गए हैं। 24 घंटे के मॉनिटर करने को कहा है।
