प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 में D.El.Ed की डिग्री के कारण नियुक्ति से वंचित चयनित शिक्षक गुरुवार शाम लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय में नारेबाजी करते हुए आयुक्त के कक्ष में घुस गए। करीब दो दर्जन प्रदर्शनकारी झंडे लेकर कार्यालय की पहली मंजिल पर पहुंचे और आयुक्त के कक्ष के बाहर नारेबाजी करने लगे। वहां मौजूद स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बाद में पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को कक्ष से बाहर निकाला और कार्यालय भवन से भी बाहर कर दिया। इसके बाद चयनित शिक्षक कार्यालय परिसर में बैठकर नारेबाजी करने लगे। फिलहाल लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह और चयनित शिक्षकों के बीच बातचीत चल रही है। आयुक्त बोले- भर्ती नियमावली का मामला जटिल लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने कहा कि प्रदर्शनकारी शिक्षकों से संवाद किया जा रहा है और उनकी बातें सुनी जा रही हैं। चयनित शिक्षकों से पहले भी बातचीत हो चुकी है और अभी भी संवाद का रास्ता खुला है। हालांकि, भर्ती नियमावली का मामला जटिल है। देखिए तस्वीरें 15 दिन से नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन चयनित शिक्षक करीब 15 दिन से लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 में चयनित होने के बावजूद D.El.Ed की डिग्री के कारण उन्हें नियुक्ति से वंचित किया जा रहा है। शाम 6 बजे झंडे लेकर घुसे ऑफिस गुरुवार शाम करीब 6 बजे, जब कार्यालय समय खत्म हो रहा था और अधिकारी-कर्मचारी घर जाने की तैयारी में थे, प्रदर्शनकारी झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए कार्यालय के अंदर घुस गए। वे पहली मंजिल पर आयुक्त के कक्ष के बाहर तक पहुंच गए थे। मुख्य गेट पर ताला, भारी पुलिस बल तैनात प्रदर्शनकारियों के कक्ष में पहुंचने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं। बताया जा रहा है कि लोक शिक्षण आयुक्त ने फोन कर पुलिस बल बुलाया था। फिलहाल चयनित शिक्षक परिसर में बैठे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। आयुक्त और शिक्षकों के बीच बातचीत जारी है। ABVP भी पहुंचा, आयुक्त से मिलने की मांग इसी बीच ABVP कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चयनित शिक्षकों के आंदोलन को समर्थन देने की पेशकश की, लेकिन शिक्षकों ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद ABVP के करीब 10 से 20 कार्यकर्ता DPI के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। ABVP कार्यकर्ता लोक शिक्षण आयुक्त से मिलने की मांग कर रहे हैं। परिसर के बाहर ABVP कार्यकर्ताओं और चयनित शिक्षकों की ओर से अलग-अलग नारेबाजी हो रही है। कर्मचारियों ने कल से आंदोलन की चेतावनी दी प्रदर्शनकारियों के कार्यालय में प्रवेश करने की घटना के बाद लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी लामबंद हो गए। कर्मचारी संगठनों ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। संगठनों ने कहा है कि सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होने पर 21 अगस्त से लोक शिक्षण संचालनालय के लोक सेवक सांकेतिक कार्य अवज्ञा आंदोलन शुरू करेंगे।
