छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार को कोटमी साप्ताहिक बाजार में प्रदीप सोनी ने दुकान लगाई थी। जब वे दुकान बंद कर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाश आए और उनसे सोने-चांदी का बैग छीन लिया। व्यापारी ने इसका विरोध किया तो सीने पर गोली मार दी और भाग निकले। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। 60 लाख की लूट का अनुमान लगाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही। आज व्यापारी संगठनों ने अंतिम संस्कार तक शहर बंद रखा है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज घर वालों ने दुर्गा चौक में शव रखकर फिर चक्काजाम कर दिया था। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों का राज चल रहा है। रायपुर और बिलासपुर भी सेफ नहीं रह गया है। बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। वारदात में कट्टे का इस्तेमाल किया गया है। आसपास के जिलों की पुलिस टीमें भी पतासाजी में जुटी हुई हैं। साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। पहले देखिए ये तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा मामला चश्मदीदों के अनुसार, मंगलवार (26 मई) शाम करीब 7 बजे 3 आरोपी एक पल्सर पर सवार होकर आए थे। बदमाशों ने प्रदीप सोनी को बेहद करीब से गोली मारी है। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। ज्वेलरी से भरा बैग लेकर निकले थे व्यापारी प्रदीप सोनी मंगलवार सुबह घर से सामान लेकर निकले थे। इसका CCTV भी सामने आया है, जिसमें वे ज्वेलरी से भरा बैग लेकर बाजार के लिए निकले। बताया जा रहा है वे हर मंगलवार हनुमान जी के मंदिर जाते थे। कल हादसे के दिन भी दुकान बंद कर मंदिर जाते, लेकिन इससे पहले उनकी हत्या हो गई। कांग्रेस बोली- रायपुर-बिलासपुर सेफ नहीं इस घटना पर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि ‘छत्तीसगढ़ में कानून नहीं, अपराधियों का राज चल रहा है।’ पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने कहा कि पेंड्रा में सराफा व्यापारी की हत्या ने आम लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस आरोपियों को अब तक नहीं पकड़ पाई। पुलिस पर राजनीतिक दबाव है। अपराधियों को खुली छुट है। 6 जिलों में नाकेबंदी पुलिस बिलासपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, अनूपपुर, डिंडोरी और कोरिया जिला में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि, घटना के कई घंटे गुजर जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बदमाशों ने सीने पर मारी गोली जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही व्यापारी की मौत हो गई थी। दाहिने तरफ सीने में गोली लगी है। अभी बॉडी से एक ही गोली मिली है। पीएम के बाद पता चलेगा की कितनी गोली मारी गई है। कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल स्थानीय पंकज तिवारी ने बताया कि, लूट की नीयत से सरेआम व्यापारी प्रदीप सोनी को गोली मारी गई है। यह सीधे तौर पर कानून व्यवस्था की लापरवाही है। जब नागरिक और व्यापारी सुरक्षित नहीं है तो इस प्रदेश का हाल कैसा चल रहा होगा आप समझ सकते हैं। …………………….. क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… बिलासपुर में सराफा व्यापारी से फिर 25 लाख की लूट: बदमाश ज्वेलरी से भरा 3 बैग छीनकर भागे, 3 दिन में दूसरी वारदात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सीपत क्षेत्र में मंगलवार की शाम फिर बड़ी लूट की घटना हुई। जानकारी के अनुसार, शहर के रमेश ज्वेलर्स में करीब 25 लाख रुपए के सोने और चांदी के आभूषण लूट लिए गए। घटना तब हुई जब दुकान का शटर गिर रहा था। पढ़ें पूरी खबर
