महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों को मिलने वाली सुविधा अब और बढ़ने वाली है। महाकालेश्वर प्रबंध समिति द्वारा तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर मानसरोवर और विश्रामधाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं को सुबह से रात तक दर्शन के समय लगातार हलवा, मीठा पोंगल, पोहा, उपमा, दलिया, दूध, छाछ, चाय और बच्चों के लिए गर्म दूध-बिस्किट आदि का प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा बुधवार से शुरू होगी। मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि रोजाना लाखों श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के लिए आ रहे हैं। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तिरुपति बालाजी मंदिर की तरह भक्तों को प्रसाद उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। दरअसल, तिरुपति मंदिर में दर्शन के लिए 8 से 10 घंटे का समय लगता है, इसलिए वहां वेटिंग हॉल में भक्तों को बैठाकर प्रसाद दिया जाता है। महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार लगातार चलती रहती है और 15-20 मिनट में आसानी से दर्शन हो जाते हैं। इसलिए प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं को लाइन में ही प्रसाद उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।
आम श्रद्धालुओं को भी मिलेगा पोहा कौशिक ने बताया कि पहले सिर्फ भस्मआरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को ही पोहा प्रसाद दिया जाता था, लेकिन अब आम भक्तों को भी पोहा प्रसाद दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग दिनों में अन्नक्षेत्र में बनने वाला मीठा प्रसाद (जैसे हलवा, अन्य पारंपरिक मीठे व्यंजन) कतार में चलते-चलते ही वितरित किया जाएगा। कतार में लंबे समय तक रहने वाले छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से गर्म दूध-बिस्किट की व्यवस्था रहेगी। प्रतिदिन 1 लाख भक्तों के कैटरिंग की तैयारी
वीकेंड और छुट्टियों के दिनों में महाकाल मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने अपनी तैयारियों का दायरा बढ़ा दिया है। अब समिति ने हर दिन कम से कम 1 लाख श्रद्धालुओं तक प्रसाद की सुगमता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है, ताकि किसी भी भक्त को असुविधा का सामना न करना पड़े। जरूरत के हिसाब से इसे बढ़ाया भी जा सकता है। देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने भक्तों को प्रसाद वितरण करने का फैसला लिया है। इस सुविधा से भक्तों को नया अनुभव मिलेगा और सभी भक्त प्रसाद पा सकेंगे। – प्रथम कौशिक, प्रशासक, महाकालेश्वर मंदिर
