अनूपपुर से करीब 5 किलोमीटर दूर बैरीबांध के पास गुरुवार शाम करीब 4 बजे पुलिस वाहन ने एक कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से करीब 25 फीट नीचे झाड़ियों वाले गड्ढे में उतर गए। हादसे में शिक्षक जियालाल संत और पुलिस आरक्षक व चालक देवेंद्र मिश्रा घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। स्कूल से पत्नी को लेने जा रहे थे शिक्षक जियालाल संत शासकीय प्राथमिक विद्यालय बकानटोला परसवार में शिक्षक हैं और सकरिया, अनूपपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वे स्कूल से अपनी पत्नी कमलावती बघेल को लेने सकरिया जा रहे थे। कमलावती शासकीय प्राथमिक विद्यालय सकरिया में काम करती हैं। जियालाल के मुताबिक, बैरीबांध मार्ग से अनूपपुर-राजेंद्रग्राम मार्ग पर मुड़ते समय पीछे से आ रहे पुलिस वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। उन्होंने सीने में अंदरूनी चोट आने की बात बताई। हत्या के मामले में पेशी के बाद लौट रहे थे डीएसपी डीएसपी (एसडीओपी) मनोज दीक्षित ने बताया कि वे सतना जिले के रामपुर बाघेलान में पदस्थ हैं। अमरकंटक थाने में पदस्थापना के दौरान हत्या के एक मामले में उनकी राजेंद्रग्राम न्यायालय में पेशी थी। पेशी के बाद वे चालक देवेंद्र मिश्रा के साथ अनूपपुर के रास्ते सतना लौट रहे थे। वे पुलिस वाहन में पीछे बैठे थे। बैरीबांध के पास संपर्क मार्ग से मुख्य मार्ग पर आते समय हादसा हुआ। दोनों को अंदरूनी चोटें आईं शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने दोनों घायलों को अंदरूनी चोटें बताईं। किसी को गहरे घाव नहीं आए। स्थानीय लोगों ने दोनों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र ने उनके बयान दर्ज किए। फिलहाल शिक्षक जियालाल संत का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस चालक देवेंद्र मिश्रा प्राथमिक उपचार के बाद सतना के लिए रवाना हो गया।
