ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित श्रीनगर कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते हुए खूनी हमले में घायल 24 वर्षीय युवक कालू सेन की शनिवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पर करीब एक घंटे तक हंगामा किया। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक सभी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे शव नहीं उठाएंगे। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर रवाना हुए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। मूल रूप से टीकमगढ़ निवासी कालू सेन फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में कर्मचारी था। तीन महीने पहले तक वह ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की श्रीनगर कॉलोनी में किराए से रहता था। बताया गया है कि उसके बड़े भाई संदीप का मोहल्ले में रहने वाले महाकाल उर्फ मृत्युंजय जाटव और उसके साथियों से विवाद हो गया था। उस समय आरोपियों ने संदीप के साथ भी मारपीट की थी, जिसकी शिकायत थाटीपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामला तो दर्ज किया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद से आरोपी लगातार परिवार को परेशान और धमकाते रहे, जिससे तंग आकर कालू ग्वालियर छोड़कर फरीदाबाद चला गया था। घात लगाए बैठे थे बदमाश जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम कालू अपने मौसेरे भाई से पैसे लेने के लिए श्रीनगर कॉलोनी लौटा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ तीन महीने पुरानी रंजिश है। मृतक के भाई संदीप का पड़ोस में रहने वाले महाकाल उर्फ मृत्युंजय जाटव, राजा जाटव, अनिकेत चौरसिया, लल्ला चौहान, प्रदीप मौर्य, कृष्णा, निखिल और प्रिंस गुर्जर से विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने कालू को निशाना बनाया। परिजन ने किया जमकर हंगामा शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाइश दी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन शव लेकर थाटीपुर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। थाटीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के भाई संदीप ने आरोप लगाया कि तीन महीने पहले शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो आज उसके भाई की जान नहीं जाती।
